चूरू

पालिका के सामने धरना दे रही वाल्मीकि समाज की महिलाओं ने ईओ को गिराया,पकड़ा गिरेबान

सफाई कर्मी भर्ती में चयन नहीं होने से क्षुब्ध वाल्मीकि समाज की महिलाओं ने सोमवार को धरना स्थल पर पहुंचे पालिका अधिशासी अधिकारी भवानीशंकर व्यास को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया

2 min read
Jul 30, 2018
rajaldesar news

राजलदेसर.

सफाई कर्मी भर्ती में चयन नहीं होने से क्षुब्ध वाल्मीकि समाज की महिलाओं ने सोमवार को धरना स्थल पर पहुंचे पालिका अधिशासी अधिकारी भवानीशंकर व्यास को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। महिलाओं ने दस्तावेजों से भरा बैग छीनने का भी प्रयास किया। इससे एक बार पालिका मुख्य द्वार के सामने हंगामा सा मच गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब १२ बजे पालिका ईओ व्यास ज्योंहि कार्यालय के मुख्य द्वार के पास पहुंचे। धरने पर बैठी करीब 20.25 महिलाओं ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ईओ को घेरकर उनके हाथ से दस्तावेजों की बैग छीनने का प्रयास किया। इस दौरान ईओ जमीन पर गिर गए। महिलाओं ने चारों ओर से घेरकर जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन पर सफाई कर्मचारी भर्ती में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। हो हल्ला सुनकर आस-पास के दुकानदार मौके पर पहुंचे। किसी तरह ईओ को महिलाओं के घेरे से बाहर निकाला। घटना के बाद ईओ पूरी तरह से घबरा गए।


ईओ को चूड़ी भेंट करने का प्रयास


इसके बाद महिलाएं ईओ के कार्यालय में घुसी तथा उन्हे चूडिय़ां भेंट करने का प्रयास किया। इतनी घटना होने के बाद भी पालिका परिसर में पुलिस जाप्ता मौजूद नहीं था। गौरतलब है कि सफाईकर्मी भर्ती में चयन नहीं होने से नाराज वाल्मीकि समाज की महिलाएं १५ जुलाई से पालिका के सामने धरना दे रही हैं। अब तक धरने पर बैठी महिलाओं की सुध लेने कोई नहीं पहुंचा है। प्रशासन यदि आगे आता तो शायद यह धरना अब तक उठ जाता लेकिन इसके लिए लिए किसी ने प्रयास नहीं किया।


धरने से पुरुष नदारद


धरने में वाल्मीकि समाज के पुरुष वर्ग की कोई भागीदारी नहीं है। राजनीतिक पार्टी से जुड़े नेता धरनार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए जरूर आते हंै परन्तु उनके साथ धरने पर अब तक कोई नहीं बैठा। कई दिनों से चल रहे धरने के कारण पालिका का माहौल खराब होता जा रहा है। कहते हंै कि नगरपालिका अध्यक्ष गोपाल नाई १५ दिनों से नगर पालिका कार्यालय नहीं आए। रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।


इस संबंध में पालिका ईओ व्यास का कहना है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला कलक्टर की अध्यक्षता में निकाली गई लॉटरी द्वारा सफाई कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। किसी प्रकार की धांधली व भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। ईओ ने बताया कि धरना बिना पूर्व सूचना के दिया गया। भ्रष्टाचार के आरोप निराधार हैं। भ्रष्टाचार हुआ है तो उच्च स्तरीय जांच करवाएं।

धरनार्थियों पर परेशान करने का आरोप


उन्होंने कहा कि दो सप्ताह से बराबर उन्हे धरनार्थियों द्वारा परेशान किया जा रहा है। सोमवार को जब वे कार्यालय पहुंचे तो धरनार्थी महिलाओं ने घेराव कर उनसे दस्तावेज से भरी बैग छीनने के प्रयास किए तथा जमीन पर गिरा दिया। उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

इस संबंध में थानाधिकारी सतीश यादव का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा शांति व्यवस्था कायम की। उन्होंने बताया कि दोपहर १२ बजे जब ईओ व्यास पालिका कार्यालय आए तो उस समय तैनात पुलिसकर्मी खाना खाने गए थे। गौरतलब है कि शहर पुलिस चौकी व नगर पालिका कार्यालय एक ही परिसर में स्थित है। समाचार लिखे जाने तक ईओ द्वारा थाने में इस संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं दी गई थी। वहीं महिलाओं का कहना है कि ईओ से बात कर रहे थीं वे खुद ही इस तरह गिर गए। उन्होंने कोई अभद्रता नहीं की।


राजलदेसर थानाधिकारी लाइन हाजिर


चूरू. वहीं सोमवार शाम पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी ने राजलदेसर थानाधिकारी सतीश यादव को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह सरदारशहर थाने के उप निरीक्षक मलकियत सिंह को थानाधिकारी लगाया गया है।

Published on:
30 Jul 2018 09:58 pm
Also Read
View All