क्रिकेट

Vijay Hazare Trophy: अभिषेक शर्मा ने गेंदबाजों के उड़ाए होश, महज 96 गेंद में ठोके 170 रन

Vijay Hazare Trophy: अभिषेक शर्मा ने 96 गेंद में 22 चौके और 8 छक्के संग 170 रन की पारी खेली। लिस्ट-ए क्रिकेट में चौथा शतक के साथ-साथ यह उनकी सबसे बड़ी पारी भी है।

2 min read

Vijay Hazare Trophy: विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 के 5वें राउंड के ग्रुप-बी मुकाबले में मंगलवार को पंजाब और सौराष्ट्र की टीमें अहमदाबाद के गुजरात कॉलेज ग्राउंड में भिड़ीं। सौराष्ट्र की टीम ने टॉस जीता और पंजाब को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सौराष्ट्र के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और उसके फैसले को गलता साबित किया। पंजाब की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 424 रन का पहाड़ सरीखा स्कोर खड़ा किया।

अभिषेक ने खेली अपनी सबसे बड़ी पारी

सौराष्ट्र के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की शुरुआत शानदार रही। कप्तान अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह ने सौराष्ट्र के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों ओपनर ने ना सिर्फ शतक ठोके बल्कि 31 ओवर में पहले विकेट के लिए 298 रन की साझेदारी कर सौराष्ट्र को पूरी तरह दबाव में ला दिया। विजय हजारे ट्रॉफी में पहले विकेट के लिए संयुक्त रूप से यह दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।

अभिषेक शर्मा ने 96 गेंद में 22 चौके और 8 छक्के संग 170 रन की पारी खेली। लिस्ट-ए क्रिकेट में चौथा शतक के साथ-साथ यह उनकी सबसे बड़ी पारी भी है। इससे पहले लिस्ट-ए में अभिषेक शर्मा का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 169 रन था। वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने 95 गेंद में 11 चौके और 8 छक्के संग 125 रन बनाए। उनके अलावा अनमोल मल्होत्रा (नाबाद 48 रन, 45 गेंद) और सनवीर सिंह (नाबाद 40 रन, 29 गेंद) ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम के स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 425 रन तक पहुंचाया।

विजय हजारे ट्रॉफी का संयुक्त 5वां बड़ा स्कोर

तमिलनाडु ने 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 506 रन बनाए थे, जो विजय हजारे ट्रॉफी में अब तक सर्वोच्च स्कोर है। यह एक पारी में 500 रन बनाने वाली एकमात्र टीम है। वहीं टूर्नामेंट में पंजाब संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्कोर बनाने वाली 5वीं टीम हैं। आइए, विजय हजारे ट्रॉफी में बने सर्वोच्च स्कोर पर डालते हैं एक नजर-

तमिलनाडु 506/2 vs अरुणाचल प्रदेश (2022)
मुंबई 457/4 vs पुडुचेरी (2021)
महाराष्ट्र 427/6 vs मणिपुर (2023)
बंगाल 426/4 vs सर्विसेज (2022)
मध्य प्रदेश 424/3 vs नगालैंड (2022)
पंजाब 424/5 vs सौराष्ट्र (2024)*

Also Read
View All

अगली खबर