क्रिकेट

टीम में जगह न मिलने पर क्रिकेटर ने दी जान, सुसाइड नोट में सामने आई बड़ी वजह

Aditi Chokhande: नागपुर में 17 वर्षीय महिला क्रिकेटर अदिति चौकांडे ने विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की टीम में चयन न होने से आहत होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें चयन न होने की बात लिखी है।
2 min read
Jul 31, 2026
aditi-chokhande
अदीति चौखंडे (फोटो- IANS)

Nagpur Cricketer Suicide: नागपुर में 17 साल की उभरती हुई महिला क्रिकेटर अदिति महेश मोरेश्वर चौकांडे ने आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पता चला है कि हाल ही में हुए टीम सिलेक्शन में उनका नाम शामिल नहीं था। चयन न होने के कारण वह काफी आहत थीं और पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं।

सुसाइड नोट में बताई वजह

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें अदिति ने अपना दर्द बयां करते हुए साफ शब्दों में लिखा— "मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ"। इस दर्दनाक घटना की खबर फैलते ही पूरे क्रिकेट जगत और स्थानीय खेल प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है।

यह घटना बुधवार की है। अदिति मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला जिले की रहने वाली थीं। हालांकि, अपने क्रिकेट के सपने को पूरा करने के लिए वह पिछले दो सालों से अपनी मां के साथ नागपुर के लक्ष्मी नगर स्थित जैन मंदिर के पास 'उमा लक्ष्मी अपार्टमेंट' में रह रही थीं। वह नागपुर की सुर्वे क्रिकेट अकादमी में नियमित रूप से कड़ी मेहनत कर रही थीं। अन्य खिलाड़ियों की तरह उनका भी सपना बड़े स्तर पर देश और राज्य के लिए क्रिकेट खेलने का था।

VCA की चयन प्रक्रिया में हुई थीं शामिल

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, अदिति ने हाल ही में विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की चयन प्रक्रिया में भाग लिया था। जब घोषित हुई चयन सूची में उनका नाम नहीं आया, तो वह इसे बर्दाश्त नहीं कर पाईं और अत्यधिक मानसिक तनाव में आ गईं। इसी डिप्रेशन के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही बजाज नगर पुलिस थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल बजाज नगर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया है और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अगर आप या आपका कोई परिचित किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव, डिप्रेशन या संकट से गुजर रहा है, तो कृपया नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें:

KIRAN (किरण - मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन, भारत सरकार): 1800-599-0019 (24x7 निशुल्क)
Tele-MANAS (टेली-मानस): 14416 या 1800-891-4416
Vandrevala Foundation (वंद्रेवाला फाउंडेशन): +91 9999 666 555
AASRA (आसरा): +91 98204 66726

Updated on:
31 Jul 2026 07:59 am
Published on:
31 Jul 2026 07:49 am