क्रिकेट

आशीष नेहरा ने इस गेंदबाज़ को बताया भविष्य का स्टार, वर्ल्ड कप की स्टैंड बाई सूची में भी नाम

आरसीबी के गेंदबाज़ी कोच हैं आशीष नेहरा। नवदीप सैनी की गेंदबाज़ी से काफी प्रभावित हैं नेहरा। सैनी में अच्छा गेंदबाज़ बनने के सभी गुण- नेहरा।
less than 1 minute read
Ashish Nehra

कोलकाता। कभी अपनी तूफानी गेंदों से बल्लेबाज़ों के लिए सिरदर्द साबित होने वाले पूर्व गेंदबाज़ आशीष नेहरा इन दिनों गेंदबाज़ी कोच की भूमिका में हैं। नेहरा इंडियन प्रीमियर लीग IPL की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर RCB के गेंदबाज़ी कोच हैं और युवा गेंदबाजों को टीम के लिए तैयार कर रहे हैं।

अगर नेहरा किसी गेंदबाज़ की तारीफ करें तो अवश्य उसमें कोई खास बात होगी। नेहरा ने तेज गेंदबाज़ नवदीप सैनी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि उनमें एक अच्छे गेंदबाज़ बनने की सभी क्षमता मौजूद है।

आपको बता दें कि सैनी को वर्ल्ड कप के लिए स्टैंड बाई की सूची में रखा गया है। इस सूची में नवदीप के अलावा अंबाती रायुडू, ईशांत शर्मा, अक्षर पटेल और ऋषभ पंत भी शामिल हैं।

नेहरा ने कहा, "उनके अंदर एक अच्छा गेंदबाज़ बनने की सभी क्षमता है। उनके पास गति और उछाल है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि फिलहाल उनका मनोबल बढ़ा हुआ है विशेषकर इस प्रारूप में क्योंकि यह काफी तेज है।"

आपको बता दें कि आरसीबी ने आईपीएल 2018 के लिए इस तेज गेंदबाज़ को तीन करोड़ रुपए में खरीदा था, हालांकि उस सीज़न में कोई भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।

नेहरा ने इस बारे में कहा, "वह पिछले साल नहीं खेले थे। इसलिए काफी लोग असल में उनकी क्षमता पर संदेह कर रहे थे और कह रहे थे कि आपने उन्हें तीन करोड़ रुपए में खरीदा। देखिए वह आज कहां है। वह पहला स्टैंड बाई है और अगर कोई तेज गेंदबाज़ चोटिल होता है तो उन्हें वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिलेगा।"

उन्होंने कहा, "दो मैचों से ही उनका मनोबल बढ़ गया जबकि किसी ने नहीं सोचा था कि वह अच्छा करेगा। यह आईपीएल की खूबसूरती है।"

Updated on:
19 Apr 2019 09:45 am
Published on:
19 Apr 2019 09:38 am