क्रिकेट

‘वो लापरवाही करते हैं’, सहवाग और गिलक्रिस्ट से ऋषभ पंत की तुलना करने पर भड़का भारतीय दिग्गज

Rishabh Pant: भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई दो टेस्ट की सीरीज भले ही टीम इंडिया ने 1-0 से जीती हो, लेकिन इसमें उसकी कुछ खामियां भी उजागर हुई हैं। सीरीज के बाद आर अश्विन ने ऋषभ पंत की तुलना वीरेंद्र सहवाग और एडम गिलक्रिस्‍ट से करने को गलत ठहराया है। इसके साथ ही पंत की बल्लेबाजी पर भी सवाल उठाए हैं।
2 min read
Aug 29, 2026
Rishabh Pant
ऋषभ पंत (फोटो- IANS)

R Ashwin on Rishabh Pant: भारत ने हाल ही में श्रीलंका के दौरे पर दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज में 1-0 से जीत दर्ज की है। गॉल में जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम कोलंबो में जीत के काफी करीब पहुंच गई थी, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाज सोनल दिनुषा ने अकेले भारत की उम्‍मीदों पर पारी फेर दिया। इस सीरीज में स्‍टार विकेटकीपर बल्‍लेबाज ऋषभ पंत ने 168 रन बनाए। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दो अर्धशतक लगाए, लेकिन पंत की इस बल्लेबाजी से पूर्व दिग्‍गज आर अश्विन खुश नहीं हैं। उन्होंने पंत के शॉट सिलेक्शन की कड़ी आलोचना की है।

‘वह हमेशा जोखिम वाले शॉट खेलते हैं’

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज पर बात करते हुए ऋषभ पंत की बल्लेबाजी पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि पंत से मेरी कोई भी उम्मीद अब तक पूरी नहीं हो सकी है। सोनल दिनुषा ने अच्छे स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, लेकिन असली अंतर उनके शॉट सिलेक्‍शन में है। पंत का शॉट सिलेक्शन बिलकुल भी ठीक नहीं था। वह हमेशा जोखिम वाले शॉट खेलते हैं। वे लापरवाही करते हैं। सवाल है कि टीम को क्या जरूरत है? ये चीज उन्‍हे समझनी होगी। आक्रामक शैली का बहाना नहीं बनाया जा सकता है। टेस्ट क्रिकेट में आपको मैच की स्थिति को भी समझना होता है।

सहवाग-गिलक्रिस्ट से तुलना करने पर भड़के

आर अश्विन ने आगे कहा कि ऋषभ पंत की वीरेंद्र सहवाग और एडम गिलक्रिस्ट से तुलना करना ठीक नहीं है। वह पंत की आक्रामक शैली पर नहीं, बल्कि मैच की परिस्थिति में खेले गए शॉट्स पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह बतौर खिलाड़ी पंत को पसंद करते हैं। लेकिन, टेस्ट क्रिकेट में आपको परिस्थितियों को ध्‍यान में रखते हुए खेलना होता है। सहवाग और गिलक्रिस्ट हमेशा अलग तरह से खेले। सवाल ये है कि आपकी टीम 500 रन से पीछे है और आप यानसन के खिलाफ आगे बढ़कर शॉट खेलें और आउट हो जाएं, तो आप इसे सहवाग-गिलक्रिस्ट का नाम लेकर इसे सही नहीं ठहरा सकते।

ऋषभ पंत का टेस्ट करियर

बता दें कि ऋषभ पंत का टेस्ट करियर अब तक काफी अच्‍छा रहा है। उन्‍हें विदेशी पिचें खूब भाती हैं। जहां उन्‍होंने काफी रन बनाए हैं। उन्‍होंने भारतीय टीम को कई बार अपने दम पर भी जीत दिलाई है। पंत ने अब तक 52 टेस्ट की 90 पारियों में 43.82 के औसत से 3725 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्‍ले से 8 शतक और 21 अर्धशतक आए हैं।

Updated on:
29 Aug 2026 03:11 pm
Published on:
29 Aug 2026 03:11 pm