
Tilak Varma: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में 22 नवंबर को भारत-ए और पाकिस्तान-ए के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.2 ओवर में 313 रन बनाए और पूरी टीम ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत-ए की टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत-ए को 48 रन से हार का सामना करना पड़ा। भारत-ए की ओर से तिलक वर्मा ने शानदार शतक लगाया, लेकिन इसके बावजूद टीम को जीत नहीं दिला सके। इस शतक के साथ तिलक वर्मा के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।
दरअसल, तिलक वर्मा ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान-ए के खिलाफ 148 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का लगाया। उनका यह शतक लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया दूसरा सबसे धीमा शतक है। उनसे पहले मनोज प्रभाकर ने 151 गेंदों में शतक पूरा किया था।
पाकिस्तान-ए से मिले 314 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत-ए की शुरुआत खराब रही। वैभव सूर्यवंशी (11 रन) और आयुष बदोनी (0) जल्द ही पवेलियन लौट गए। ऐसे में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 68 गेंदों में 67 रनों की साझेदारी हुई। यह साझेदारी अभिषेक शर्मा के आउट होने के साथ टूटी। अभिषेक ने जहां तेजी से रन बनाए, वहीं तिलक ने संभलकर बल्लेबाजी की। अभिषेक शर्मा 42 गेंदों में 70 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद कुमार कुशाग्र, रिंकू सिंह और सूर्यांश शेडगे भी जल्द ही आउट हो गए। ऐसे में तिलक वर्मा और शहबाज अहमद ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत की उम्मीदों को बनाए रखा। दोनों के बीच 108 गेंदों में 112 रनों की साझेदारी हुई। यह साझेदारी शहबाज अहमद के आउट होने के साथ समाप्त हुई। शहबाज ने 49 गेंदों में 59 रन बनाए।
इसके बाद विपराज निगम और हर्षित राणा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। वहीं, तिलक वर्मा भी पारी के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने शतक तो पूरा किया, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इस तरह भारत-ए की पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे 48 रन से हार झेलनी पड़ी।