
नई दिल्ली। इंग्लैंड एंड वेल्स में क्रिकेट का सबसे बड़ा महाकुंभ आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 का आयोजन हो रहा है। वनडे वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल की रेस काफी रोचक हो गई है। पांच बार की वर्ल्ड चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ही अंतिम चार में जगह पक्की कर सकी है।
विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम भी लगभग सेमीफाइनल के मुहाने पर ही खड़ी है और एक जीत उसे इसमें कामयाबी दिला देगी। तीसरे स्थान के लिए न्यूजीलैंड का दावा काफी मजबूत नजर आ रहा है। वहीं चौथे स्थान के लिए मेजबान इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश में जंग छिड़ी हुई है।
वनडे वर्ल्ड कप के इस रोचक सफर में हम आपके लिए लाए हैं एक खास ख़बर। ये ख़बर जुड़ी है वनडे मैचों में सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीमों के आंकड़े से। आपको जानकर हैरानी होगी कि वनडे मैचों में सबसे ज्यादा हार का रिकॉर्ड एशियन टीमों के नाम दर्ज है।
श्रीलंकाई टीम हारी सबसे ज्यादा मैचः
इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट में श्रीलंका क्रिकेट टीम के नाम सबसे ज्यादा मैच हारने का रिकॉर्ड दर्ज है। टीम ने अब तक कुल 842 वनडे मैच खेले हैं जिनमें से उसे 418 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
दूसरे नंबर पर भी एशियाई टीम भारत का नंबर है जो कुल 971 वनडे मैच खेलकर 417 वनडे हार चुका है। तीसरे नंबर पर भी एशिया की ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम है जो 923 मैच खेलकर 413 मैचों में हार का कड़वा स्वाद चख चुकी है।
इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीमेंः
| कुल मैच | हार | टीम |
| 842 | 418 | श्रीलंका |
| 971 | 417 | भारत |
| 923 | 413 | पाकिस्तान |
| 805 | 373 | वेस्ट इंडीज |
| 764 | 371 | न्यूजीलैंड |
| 523 | 367 | जिम्बाब्वे |
| 739 | 333 | इंग्लैंड |
| 939 | 324 | ऑस्ट्रेलिया |
| 368 | 236 | बांग्लादेश |
| 618 | 215 | साउथ अफ्रीका |