
Australia vs England: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार को मेलबर्न में खेला गया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 3 विकेट से हराया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 187 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19.5 ओवर में 7 विकेट पर 191 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
इंग्लैंड से जीत के लिए मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल मार्श और जेक फ्रेजर-मैकगर्क की सलामी जोड़ी उतरी। हालांकि सलामी जोड़ी टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दे सकी। जेक फ्रेजर-मैकगर्क महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मिचेल मार्श और सैम हार्पर ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 30 गेंद में 50 रन की पार्टनरशिप हुई। यह साझेदारी छठे ओवर में टूटी। सैम हार्पर 15 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद मिचेल मार्श और निखिल चौधरी ने मिलकर पारी को बढ़ाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 30 गेंद में 42 रन की साझेदारी हुई। मिचेल मार्श 32 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का लगाया। तीन झटकों के बाद निखिल चौधरी और टिम डेविड ने चौथे विकेट के लिए 29 गेंद में 48 रन की साझेदारी की। इसी दौरान निखिल चौधरी ने 32 गेंद में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली हाफ सेंचुरी लगाई। इसके बाद अगली ही गेंद पर टिम डेविड 13 गेंद में 20 रन बनाकतर आउट हुए। उनका विकेट 15.5वें ओवर में 143 के स्कोर पर गिरा।
इसके बाद निखिल चौधरी ने लाचलान शॉ, जोएल डेविस, जैक एडवर्ड्स के साथ मिलकर छोटी-छोटी साझेदारी की और टीम के स्कोर को 18 ओवर में 168 रन तक पहुंचाया। इसी ओवर में निखिल चौधरी 38 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के संग 66 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जैक एडवर्ड्स ने बेन ड्वारसुइश के साथ मिलकर टीम को एक गेंद शेष रहते जीत दिला दी। जैक एडवर्ड्स 11 गेंद में 25 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि बेन ड्वारसुइश 1 रन बनाकर नॉटआउट रहे।
इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स ने 2 विकेट झटके, जबकि लियाम डॉसन, हेनरी क्रोकोम्बे, जेमी ओवरटन, सैम करन और आदिल राशिद ने 1-1 विकेट लिया।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं हुई। इसके बाद हैरी ब्रूक ने 28 गेंद में 65 रन और टॉम बैंटन ने 22 गेंद में 39 रन की पारी खेलकर टीम को शुरुआती झटके से उबारा। वहीं सैम करन (21 रन), जॉर्डन कॉक्स (27 रन) और लियाम डॉसन (17 रन) के प्रयासों से इंग्लैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 187 रन बना सकी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए जैक एडवर्ड्स और निखिल चौधरी ने 2-2 विकेट झटके। वहीं जोएल डेविस, रिले मेरेडिथ, बेन ड्वारशुइस और एडम जंपा ने 1-1 विकेट लिया।