
AUS vs ENG 3rd T20: शुक्रवार को ब्रिस्बेन के गाबा में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे T20 मुकाबले में 7 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम सिर्फ 108 रन पर ढेर हो गई। जवाब में बारिश की वजह से इस मैच को 16 ओवर का कर दिया गया और इंग्लैंड को 93 रन का लक्ष्य दिया गया, जिसे उसने सिर्फ तीन विकेट गंवाकर नौवें ओवर में ही हासिल कर लिया।
गाबा के इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की 2013 के बाद T20 मुकाबले में हार हुई है। इससे पहले साल 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें हार झेलनी पड़ी थी। यही नहीं, गाबा में यह सिर्फ दूसरी हार है। इस हार के साथ ऑस्ट्रेलिया का पिछले पांच मैचों से गाबा में चला आ रहा जीत का सिलसिला भी टूट गया।
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक ने इस मुकाबले में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान मिचेल मार्श सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए, तो जैक फ्रेजर-मैकगर्क ने 11 गेंद में 22 रन की पारी खेली, लेकिन जेमी ओवर्टन ने उन्हें पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और पूरी टीम 16.5 ओवर में ही 108 रन पर ढेर हो गई। टीम के आखिरी सात में से 6 बल्लेबाज तो दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके। ओवर्टन ने जहां 5 विकेट लेकर इंग्लैंड के लिए दूसरा सबसे बेस्ट स्पैल डाला तो लियाम डॉसन ने भी तीन विकेट हासिल किए।
109 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फिल साल्ट सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। 6 ओवर में इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 53 रन बना लिए थे। इसके बाद बारिश ने दस्तक दी और फिर मैच को घटाकर 16 ओवर का कर दिया गया, जहां इंग्लैंड के सामने 93 रन का लक्ष्य मिला। 17 ओवर में 98 रन का लक्ष्य मिला। नौवें ओवर में जब चार गेंदें डाली जा चुकी थीं, तब बारिश ने फिर दस्तक दी और एक बार फिर से ओवर कम कर दिए गए और 16 ओवर में टारगेट 93 रन का दिया गया। तब तक इंग्लैंड ने 91 रन बना लिए थे। इस ओवर की पांचवीं गेंद पर जॉर्डन कॉक्स ने दो रन लेकर गाबा में ऑस्ट्रेलिया के जीत के सिलसिले को तोड़ दिया।