
Australia Women vs India Women Match Highlights: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को लॉर्ड्स में ग्रुप-ए का बेहद अहम मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत के तूफानी अर्धशतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया के सामने 171 रन का लक्ष्य रखा, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ग्रुप ए से सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं तो भारत का सफर यहीं खत्म हो गया है। भारतीय टीम की इस हार ने करोड़ों फैंस को निराश किया है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 66 रन की साझेदारी की। टी20 के लिहाज से यह साझेदारी बेहद धीमी रही। शेफाली पहले विकेट के रूप में 26 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुईं। शेफाली के जाने के बाद 83 के स्कोर पर मंधाना भी दूसरे विकेट के रूप में आउट हो गईं। मंधाना ने 37 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली।
इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर ने भारतीय पारी को संभाला। जेमिमा 28 गेंदों पर 1 छक्का और 1 चौके की मदद से 34 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुईं। वहीं, दूसरे छोर से हरमन ने कप्तानी पारी खेली। दाएं हाथ की इस विस्फोटक बल्लेबाज ने आखिरी ओवर में 3 छक्के लगाते हुए टीम का स्कोर 4 विकेट पर 170 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
हरमनप्रीत ने 27 गेंदों पर 3 छक्के और 6 चौके की मदद से 56 रन की पारी खेली। वह आखिरी ओवर की 5वीं गेंद पर आउट हुईं। दीप्ति शर्मा 1 गेंद पर 4 और ऋचा घोष 1 गेंद पर 1 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने 2 विकेट लिए।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने 6 गेंद शेष रहते छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने महज 4 के स्कोर पर जॉर्जिया वोल (4) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद फीबी लिचफील्ड और बेथ मूनी के बीच दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 50 रन की साझेदारी हुई। लिचफील्ड ने 24 रन बनाए। कुछ देर बाद ही कंगारू टीम ने बेथ मूनी (22) का विकेट भी खो दिया।
यहां से एलिस पेरी ने एश्ले गार्डनर 57 गेंदों पर 100 रन की साझेदारी कर भारत के हाथ से मैच छीन लिया। पेरी ने 56 रन और गार्डनर ने नाबाद 53 रन की पारी खेली। वहीं, भारत की ओर से श्री चरणी ने 2 विकेट तो दीप्ति शर्मा और रेणुका ठाकुर को 1-1 विकेट चटकाया।