क्रिकेट

AUS W vs WI W: सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से रौंदा, ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड 8वीं बार टी20 वर्ल्‍ड कप के फाइनल में बनाई जगह

AUS W vs WI W 1st Semi Final Highlights: ऑस्‍ट्रेलिया ने विमेंस टी20 वर्ल्‍ड कप के पहले सेमीफाइनल में वेस्‍टइंडीज को 8 विकेट से मात दी है। इसके साथ ही उसने रिकॉर्ड 8वीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है।
2 min read
Jun 30, 2026
AUS W vs WI W 1st Semi Final Highlights
आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के सेमीफाइनल में वेस्‍टइंडीज को हराने की खुशी मनाती ऑस्‍ट्रेलिया की टीम। (फोटो सोर्स: espncricinfo)

Australia W vs West Iindies W 1st Semi Final Highlights: आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में ऑस्‍ट्रेलिया ने केनिंग्टन ओवल में मंगलवार को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही उसने रिकॉर्ड सबसे ज्‍यादा 8वीं बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह पक्‍की कर ली है। अब वह अपने सातवें खिताब से सिर्फ एक जीत दूर है। इस मैच में वेस्‍टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 125 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में बेथ मूनी के अर्धशतक की बदौलत ऑस्‍ट्रेलिया ने महज 13 ओवर में 127 रन बनाते हुए आसान जीत दर्ज की।

ऑस्‍ट्रेलिया ने 43 के स्‍कोर पर गंवाए दो विकेट

वेस्‍टइंडीज के 126 रनों के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी ऑस्‍ट्रेलिया की टीम को बेथ मूनी और जॉर्जिया वोल ने अच्‍छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 3 ओवर में 29 रन की साझेदारी हुई। जॉर्जिया 11 गेंदों पर 16 रन बनाकर हेनरी का शिकार बनीं। इसके बाद मूनी ने एक छोर संभालते हुए रन बनाने में काफी तेजी दिखाई। मूनी और लिचफिल्‍ड के बीच दूसरे विकेट के लिए 14 रन की साझेदारी ही हुई थी कि 4.4 ओवर में लिचफिल्‍ड (4) 43 के स्‍कोर पर अपना विकेट हेली मैथ्‍यूज को दे बैठीं।

बेथ मूनी के तूफानी अर्धशतक ने ऑस्‍ट्रेलिया को दिलाई आसान जीत

फिर एलिस पेरी सिर्फ दो रन बनाकर रियायर्ड हर्ट हो गईं तो एश्‍ले गार्डनर मूनी का साथ देने आईं। इन दोनों ने 63 रन जोड़ते हुए टीम को 8 विकेट से जीत दिलाई। बेथ मूनी ने 36 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से नाबाद 61 रन तो गार्डनर ने 20 गेंदों पर चार रन की पारी खेली। वहीं, वेस्‍टइंडीज की ओर से हेनरी और मैथ्‍यूज ने एक-एक विकेट लिया।

डिएंड्रा डॉटिन ने विंडीज को सम्‍मानजनक स्‍कोर तक पहुंचाया

इससे पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी वेस्‍टइंडीज के लिए कप्तान हेली मैथ्यूज ने किआना जोसेफ के साथ 49 गेंदों पर पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की। मैथ्यूज ने 28 गेंदों पर 30 रन बनाए। मैथ्‍यूज 8वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुईं। इसके बाद अगले ही ओवर में जोसेफ (16) भी चलती बनीं।

फिर नियमित अंतराज पर विकेट गिरे और एक समय 15.3 ओवर में वेस्टइंडीज का स्कोर 83/6 था। इसके बाद डिएंड्रा डॉटिन (16 गेंदों पर 26*) और जानिलिया ग्लासगो (15) के साथ शानदार बल्‍लेबाजी करते हुए वेस्‍टइंडीज को निर्धारित ओवर में 125 के सम्‍मानजनक स्‍कोर तक पहुंचाया।

Updated on:
30 Jun 2026 10:18 pm
Published on:
30 Jun 2026 09:57 pm