क्रिकेट

World Cup 2019: ऑस्ट्रेलिया ने की नई जर्सी जारी, टीम का ऐलान भी जल्द

ऑस्ट्रेलिया ने अपनी नई जर्सी में बदलाव किया है यूनिफॉर्म में हरे रंग की पट्टी को रखा गया है वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया का पहला मैच 1 जून को अफगानिस्तान से है
2 min read
Apr 09, 2019
Australian Cricket Team
Australian Cricket Team

नई दिल्ली। ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए अब उल्टी गिनती शुरु हो चुकी है। क्रिकेट का महाकुंभ 30 मई से शुरु हो रहा है और इससे पहले खिलाड़ियों का चयन और टीम की नई जर्सी को रिलीज करने का दौर जारी है। भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप के लिए टीम की नई जर्सी रिलीज की है। हालांकि अभी टीम का ऐलान ना ही भारतीय टीम ने किया है और ना ही ऑस्ट्रेलिया ने।

ऑस्ट्रेलिया की नई जर्सी में काफी बदलाव

2015 वर्ल्ड कप की विजेता ऑस्ट्रेलिया की नई जर्सी अभी के मुकाबले काफी बदल गई है। पूरी येलो कलर वाली जर्सी में अब हरा रंग भी ऐड किया गया है। ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल की फोटो इस नई जर्सी के साथ जारी की गई है। ऑस्ट्रेलिया की नई जर्सी को ASICS ब्रांड ने बनाया है। ऑस्ट्रेलिया की टीम हमेशा नई- नई तरह की जर्सी पहने के लिए जानी जाती रही है।

1 जून से ऑस्ट्रेलिया के सफर का होगा आगाज

आपको बता दें कि 2019 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के सफर का आगाज 1 जून से होगा। ऑस्ट्रेलिया का पहला मुकाबला अफगानिस्तान से होने वाला है। इसके बाद टीम 6 जून को दो बार की विजेता वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। विश्व कप से पहले कंगारुओं ने अपनी लय हासिल कर ली है। पहले भारत को उसी के घर में वनडे सीरीज में मात दी और उसके बाद पाकिस्तान का वनडे में 5-0 से सफाया किया। टीम के लिए अच्छी बात ये है कि कप्तान एरॉन फिंच फॉर्म में लौट आए हैं।

आसान नहीं होगी राह

हालांकि इन सबके बावजूद भी मौजूदा चैंपियन की राह बिल्कुल आसान नहीं है, क्योंकि विश्व विजेता बनने की दावेदारी में भारत, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड से ऑस्ट्रेलिया को कड़ी टक्कर मिलने वाली है। इसके अलावा भारत के पड़ोसी पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमें भी बड़ा उलटफेर करने में माहिर हैं।

Published on:
09 Apr 2019 02:53 pm