
ब्रिस्बेन : आस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच चल रहे दो टेस्ट मैच की सीरीज के पहले टेस्ट में तेज गेंदबाज पैट कमिंस की शानदार गेंदबाजी की बदौलत कंगारुओं ने ब्रिस्बेन क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले टेस्ट मैच के तीसरे ही दिन शनिवार को श्रीलंका को पारी और 40 रनों से हरा दिया। दिन-रात प्रारुप में खेले गए इस टेस्ट मैच को जीतने के साथ ही आस्ट्रेलिया ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है।
कमिंस ने लिए 10 विकेट
कमिंस ने इस मैच की दोनों पारियों को मिला कर कुल 10 विकेट लिए। कमिंस ने पहली पारी में जहां चार विकेट लिए थे तो वहीं दूसरी पारी में छह विकेट अपने नाम किए।
आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में श्रीलंका को 144 रनों पर ढेर कर दिया था। इसके बाद ट्रेविस हेड (84) मार्नस लाबुस्शाने (81) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 323 रन बनाकर श्रीलंका पर 179 रनों की बढ़त ले ली थी।
122 रन बनाने में श्रीलंका ने गंवा दिए 9 विकेट
मैच के तीसरे दिन श्रीलंका ने 17 रन पर एक विकेट के नुकसान से अपनी पारी शुरू की थी, लेकिन आज उसके बाकी के बल्लेबाज मात्र 122 रन ही टीम के खाते में जोड़ सके। श्रीलंका कमिंस की कहर बरपाती गेंदबाजी के सामने अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 139 रनों पर ढेर हो गया और पारी से मैच गंवा बैठा।
तीसरे दिन उसके खाते में एक भी रन नहीं जुड़ा था कि कमिंस ने श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चांडीमल को खाता खोले बगैर पैवेलियन भेज दिया।
यहां से कमिंस हावी हो गए और लगातार विकेट लेते रहे। कमिस के अलावा आस्ट्रेलिया के लिए झाए रिचर्डसन ने दो और नाथन लॉयन ने एक विकेट अपने नाम किया।
श्रीलंका के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े में पहुंच पाए। उसके लिए सबसे अधिक 34 रन लाहिरू थिरिमाने ने बनाए। निरोशन डिकवेला और सुरंगा लकमल ने 24-24 रनों का योगदान दिया। धनंजय डी सिल्वा ने 14 रन बनाए।