क्रिकेट

Women’s World Cup 2026 में लगातार 4 मैच जीत चुकी है ऑस्ट्रेलिया, फिर भी पहले राउंड के बाद हो सकती है टूर्नामेंट से बाहर

Women's T20 World Cup 2026 में ऑस्ट्रेलिया की टीम एक भी मैच नहीं हारी है लेकिन अगर आखिरी मुकाबले में वह भारतीय टीम से बड़े अंतर से हार जाती हैं तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है।
2 min read
Jun 26, 2026
Australia Women Semi Final Scenario
ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम (फोटो- T20 World Cup)

Australia Women's Semifinal Scenario: वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया ही एकमात्र ऐसी टीम है, जिसे अब तक कोई नहीं हरा सका है। चार मैचों में लगातार चार जीत के साथ उसने सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का कर लिया है। लेकिन उसके सेमीफाइनल पर मुहर भारत और साउथ अफ्रीका के आखिरी मैचों में प्रदर्शन के बाद लगेगी। अगर भारत और साउथ अफ्रीका अपने-अपने आखिरी मुकाबलों में बड़ी जीत हासिल कर लेते हैं और नेट रेनरेट में ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ देते हैं तो ऑस्ट्रेलिया अभी भी टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है।

ग्रुप A में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा

ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया 8 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि भारत 6 अंकों के साथ दूसरे और साउथ अफ्रीका भी 6 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। बांग्लादेश ने चार में से दो मैच जीते हैं और वह 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। वहीं, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, हालांकि उन्हें अभी भी एक-एक मुकाबला खेलना है। अब चलिए समझते हैं कि ऑस्ट्रेलिया लगातार चार मैच जीतने के बावजूद टूर्नामेंट से कैसे बाहर हो सकती है।

भारतीय टीम को अपना आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे यह मैच हर हाल में जीतना होगा। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका को अपने आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश का सामना करना है। साउथ अफ्रीका का नेट रन रेट इस समय +0.73 है, जबकि ऑस्ट्रेलिया का +4.72 और भारत का +2.26 है। नेट रन रेट के मामले में साउथ अफ्रीका इन तीनों टीमों में सबसे पीछे है।

ऐसे हो सकती है ऑस्ट्रेलिया बाहर

अगर साउथ अफ्रीका बांग्लादेश को 100 से अधिक रनों से हरा देती है और उसके बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को बड़े अंतर से हरा देती है, तो ऑस्ट्रेलिया का नेट रनरेट भारत और साउथ अफ्रीका से कम हो जाएगा। अंक तालिका में भारतीय टीम के साथ साउथ अफ्रीका 8 अंकों के साथ पहले और दूसरे स्थान पर रहेंगी और ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर खिसक जाएगी। इस तरह ऑस्ट्रेलिया की टीम शुरुआती चारों मैच जीतने के बावजूद सेमीफाइनल से बाहर हो सकती है।

भारतीय टीम अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। वहीं, साउथ अफ्रीका का सामना भी 28 जून को बांग्लादेश से होगा। यानी 28 जून की रात तक यह साफ हो जाएगा कि ग्रुप ए से कौन-सी दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

इंग्लैंड का सेमीफाइनल कन्फर्म

अगर ग्रुप बी की बात करें तो इंग्लैंड ने लगातार चारों मुकाबले जीतकर अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वहीं, वेस्टइंडीज दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड और श्रीलंका भी सेमीफाइनल की दौड़ में बने हुए हैं। इन दोनों टीमों ने चार में से दो-दो मुकाबले जीते हैं। दूसरी ओर, स्कॉटलैंड और आयरलैंड का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट चुका है।