क्रिकेट

जीत तो गई दिल्ली, लेकिन ये गलती पड़ी भारी, अब अक्षर पटेल को भरना पड़ेगा 12 लाख का जुर्माना, जानें क्यों

Punjab Kings vs Delhi Capitals: धर्मशाला में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को हराकर अपने प्लेऑफ्स की उम्मीदों को जिंदा रखा है। हालांकि मैच के बाद कप्तान अक्षर पटेल पर जुर्माना लगा दिया गया है।
2 min read
May 12, 2026
Axar Patel vs punjab kings in ipl 2026 match 55th
आउट होने के बाद निराशा जताते अक्षर पटेल (फोटो IANS)

IPL 2026 PBKS vs DC: दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है। सोमवार को धर्मशाला में आईपीएल 2026 का 55वां मुकाबला खेला गया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 210 रन बनाए। 211 रन के लक्ष्य को दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में ही हासिल कर लिया। इस मुकाबले को जीतकर दिल्ली कैपिटल्स ने अपने प्लेऑफ्स की उम्मीदों को जिंदा रखा है। अब उसके 12 मैचों में 10 अंक हो गए हैं। इस मुकाबले में दिल्ली को हर हाल में जीत की दरकार थी और टीम ने उसे हासिल भी किया लेकिन कप्तान अक्षर पटेल पर जुर्माना लगा दिया गया है।

दिल्ली से पहली बार हुई ये गलती

अक्षर पर यह जुर्माना दिल्ली कैपिटल्स द्वारा पंजाब किंग्स के खिलाफ धीमी गति से ओवर फेंकने के कारण लगा है। अक्षर को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 का दोषी पाया गया है। आईपीएल 2026 में दिल्ली की टीम पहली बार तय समय के अंदर अपने पूरे ओवर फेंकने में नाकाम रही है, जिसके कारण सिर्फ कप्तान पर जुर्माना लगाया गया है।

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 210 रन लगाए। प्रियांश आर्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए। वहीं, कूपर कोनोली ने 27 गेंदों में 38 रनों का योगदान दिया, तो सूर्यांश शेडगे ने 8 गेंदों में 21 रन बनाए।

हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स 211 रनों के लक्ष्य को 7 विकेट खोकर 19 ओवर में हासिल करने में सफल रही। डीसी की तरफ से अक्षर पटेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, डेविड मिलर ने 28 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए।

अक्षर-मिलर ने चौथे विकेट के लिए 34 गेंदों में 64 रनों की अहम साझेदारी निभाई। आशुतोष शर्मा ने सिर्फ 10 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि अंत के ओवरों में माधव तिवारी ने 8 गेंदों में 18 रन बनाते हुए दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन की पांचवीं जीत दिलाई। माधव ने गेंदबाजी में भी दो विकेट निकाले, जिसके चलते उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस जीत के साथ ही डीसी ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। दिल्ली कैपिटल्स के 12 मुकाबलों में अब 10 प्वाइंट हो गए हैं।

Also Read
View All