U19 Asia Cup 2026: सेमीफाइनल की चार टीमें कन्फर्म, जानें टूर्नामेंट में कैसा रहा है इनका इतिहास
U19 Asia Cup 2026: अंडर-19 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना अफगानिस्तान से होगा। भारतीय टीम ने यूएई को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई है। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और बांग्लादेश की टक्कर होगी।
India vs Afghanistan U19: मंगलवार को अंडर-19 एशिया कप 2026 के ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने यूएई को हराकर अंतिम चार का टिकट हासिल कर लिया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 309 रन बनाए और जवाब में यूएई को 239 रन पर समेट दिया। टीम इंडिया अपने ग्रुप में पाकिस्तान के बाद दूसरे स्थान पर रही, हालांकि उसे सेमीफाइनल का टिकट मिल गया। अब टीम इंडिया अंतिम चार में अफगानिस्तान का मुकाबला करेगी, जो 12 नवंबर को खेला जाएगा।
8 बार खिताब जीत चुकी है टीम इंडिया
टीम इंडिया इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है, जिसने आठ बार खिताब जीता है। तो अफगानिस्तान ने ही टीम इंडिया की लगातार जीत का सिलसिला तोड़ा था, जब उसने 2017 में पहली बार इकलौता खिताब जीता था। उससे पहले खेले गए पांच अंडर-19 एशिया कप का खिताब टीम इंडिया ने ही जीता था। हालांकि, उसके बाद से अफगानिस्तान की टीम कभी फाइनल में नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में सेमीफाइनल मुकाबले में जहां अफगानिस्तान की टीम पिछले 9 साल के तिलिस्म को तोड़ना चाहेगी, तो वहीं टीम इंडिया भी खिताब के सूखे को खत्म करना चाहेगी।
टीम इंडिया ने आखिरी खिताब 2021 में जीता था, जब उसने फाइनल में श्रीलंका को 9 विकेट से हराया था। उसके बाद से 2023 और 2024 में बांग्लादेश ने खिताब जीता, तो 2025 में भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 191 रनों से हार झेलनी पड़ी थी।
पाक-बांग्लादेश जीत चुके हैं 2-2 ट्रॉफी
दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान की टक्कर बांग्लादेश से होगी और ये दोनों टीमें दो-दो बार खिताब जीत चुकी हैं। पाकिस्तान ने पहली ट्रॉफी 2012 में जीती थी। हालांकि, वह मैच टाई हो गया था, जिसकी वजह से भारत के साथ उसे ट्रॉफी शेयर करनी पड़ी थी। लेकिन 2025 में पाकिस्तान ने भारतीय टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि बांग्लादेश ने जो दो खिताब जीते हैं, उनमें एक में उसने यूएई और दूसरे में भारतीय टीम को शिकस्त दी है।
टीम इंडिया ने 1989, 2003, 2012, 2014, 2016, 2018, 2019 और 2021 में खिताब अपने नाम किया है, तो पाकिस्तान 2012 और 2025, जबकि बांग्लादेश 2023 और 2024 में खिताब जीत चुकी है। अफगानिस्तान ने इकलौता खिताब 2017 में जीता था।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान अजेय
इस टूर्नामेंट में भी इन चारों टीमों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। अफगानिस्तान ने जहां बांग्लादेश, मलेशिया और श्रीलंका को हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है, तो वहीं बांग्लादेश ने मलेशिया और श्रीलंका को शिकस्त दी। दूसरी ओर, ग्रुप ए में पाकिस्तान ने अपने तीनों मुकाबले जीते हैं, जहां उसने भारत, नेपाल और यूएई को हराया है, जबकि भारतीय टीम ने यूएई और नेपाल को शिकस्त दी।