क्रिकेट

Ban vs Aus 1st ODI: बांग्लादेश ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 साल बाद मिली दूसरी ODI जीत

Ban vs Aus 1st ODI: ऑस्‍ट्रेलिया और बांग्‍लादेश के बीच खेली जा रही तीन ODI मैचों की सीरीज का पहला मैच मेजबान बांग्‍लादेश ने 86 रनों से जीत लिया है। बारिश बाधित इस मैच में जीत के साथ ही मेजबान टीम ने 1-0 से बढ़त बना ली है।

2 min read
Jun 09, 2026
Ban vs Aus 1st ODI
ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ जीत की खुशी मनाती बांग्‍लादेश की टीम। (फोटो सोर्स: espncricinfo)

Bangladesh vs Australia 1st ODI: ऑस्‍ट्रेलिया की टीम बांग्लादेश के दौरे पर है। जहां सोमवार को शेरे बांग्‍ला नेशनल स्‍टेडियम में तीन मैचों वनडे इंटरनेशनल द्विपक्षीय सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। इस मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए स्‍कोर बोर्ड पर निर्धारित 50 ओवर में 284 रन लगाए थे। बारिश बाधित इस मैच में ऑस्‍ट्रेलिया की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 191 रन ही बना सकी और बांग्‍लादेश ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत 86 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही बांग्‍लादेश ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। ये बांग्‍लादेश की ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ी और दूसरी जीत है।

21 साल बाद बांग्‍लादेश को मिली जीत

बता दें कि वनडे क्रिकेट के इतिहास में बांग्लादेश और ऑस्‍ट्रेलिया का आमना-सामना 23 बार हुआ है। इनमें से बांग्‍लादेश ने सिर्फ दो मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं, ऑस्‍ट्रेलिया 20 मैच जीता है। जबकि एक मैच टाई रहा है। बांग्‍लादेश ने इससे पहले आखिरी बार ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ 18 जून 2005 को कार्डिफ में 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। इस तरह ये जीत उसकी झोली में 21 साल के बाद आई है।

खराब शुरुआत के बावजूद बांग्‍लादेश ने बना डाले 284 रन

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 284 रन बनाए। बांग्लादेश का पहला विकेट महज 10 के स्कोर पर सैफ हसन (5) के रूप में गिरा। इसके बाद नजमुल हुसैन शांतो और तंजीद हसन के बीच दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी हुई। तमीम ने 44 गेंदों पर 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। फिर लिटन दास और नजमुल भी 140 के स्कोर तक चलते बने। लिटन ने सिर्फ 7 रन और नजमुल ने 86 गेंदों पर 67 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।

मोसाद्देक ने 70 गेंदों पर खेली 86 रन की पारी

इसके बाद मोसाद्देक हुसैन ने तौहीद हृदय (31) के साथ 5वें विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की और तस्कीन अहमद (20) के साथ 8वें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। मोसाद्देक 70 गेंदों पर 86 रन बनाकर नाबाद रहे। कंगारू टीम की ओर से नाथन एलिस ने सर्वाधिक 3 विकेट, लियाम स्कॉट और मैट रेनेशॉ ने 2-2 विकेट लिए।

कैमरून ग्रीन ने जड़ा अर्धशतक

जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 42.2 ओवरों में ही 191 के स्कोर तक 9 विकेट खो दिए। इसके बाद बारिश के चलते आगे का खेल नहीं हो सका और ऑस्‍ट्रेलिया की टीम डकवर्थ लुईस नियम के तहत 86 रनों से हार गई। जोश इंगलिस ने 19 रन, कोनोली ने 35 रन, कैरी ने 47 रन और कैमरून ग्रीन ने 52 रन की नाबाद पारी खेली।