
Australia vs Bangladesh: डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 विकेट से जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही उसने दो मैचों की सीरीज में 1-0 से अजेय बढ़त बना ली है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार है, जब बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में मात दी है। इस जीत के बाद बांग्लादेश के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। प्लेयर्स की खुशी देखते ही बन रही थी। मैच के बाद बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शांतो भी भावुक हो गए। उन्होंने अपने खिलाड़ियों पर गर्व जताते हुए खूब तारीफ की।
शांतो ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं, खुद पर और लड़कों पर गर्व है। हमने बहुत मेहनत की। वहीं, उन्होंने तेज गेंदबाजों को बेहतर बनाने के लिए माइंडसेट में बदलाव, सिर्फ स्पिन पर निर्भर नहीं रहने के सवाल पर कहा कि टेस्ट फॉर्मेट में बांग्लादेश के लिए यह सबसे बड़ा बदलाव है। पांच साल पहले पेसर टेस्ट नहीं खेलना चाहते थे। लेकिन, हम बहुत सारा टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं और वे टेस्ट फॉर्मेट को अहमियत दे रहे हैं। वे खेलना चाहते हैं, परफॉर्म करना चाहते हैं और वर्ल्ड-क्लास बनना चाहते हैं। अब उनकी यही सोच है। मुशफिकुर और मोमिनुल जैसे सीनियर्स ने उन्हें और ज्यादा टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए बढ़ावा दिया है।
तंजीद हसन तमीम के शतक को लेकर शांतो ने कहा कि वह व्हाइट बॉल मैच में अटैक करता है, लेकिन इस टेस्ट में वह शांत था और गेंद की मेरिट पर शॉट खेल रहा था। एक टॉप-ऑर्डर बैटर के तौर पर हम चाहते हैं कि वह इम्पैक्ट डाले और उसने ऐसा ही किया।
क्या यह बांग्लादेश का सबसे अच्छा पल है? इस पर शांतो ने कहा कि यह बांग्लादेश के लिए किसी भी फॉर्मेट में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। हम भविष्य में कुछ खास करना चाहते हैं। वहीं, मैके में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट को लेकर उन्होंने कहा कि हमें अच्छा क्रिकेट खेलना होगा। हमें पांच दिन अच्छा क्रिकेट खेलना होगा। अगर हम सेशन दर सेशन खेलते हैं, अगर लोअर ऑर्डर अच्छा खेलता रहता है, तो ऐसी चीजें होंगी।