क्रिकेट

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर को बनाया बल्लेबाजी सलाहकार

जाफर जूनियर टीम के खिलाड़ियों को देंगे कोचिंग बाद में जा सकते हैं हाई परफॉर्मेंस यूनिट में सबसे ज्यादा रणजी मैच खेलने का रिकॉर्ड है उनके नाम
less than 1 minute read
wasim jaffer
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर को बनाया बल्लेबाजी सलाहकार

मीरपुर : पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज और घरेलू क्रिकेट के रन मशीन वसीम जाफर को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने मीरपुर स्थित अपनी अकादमी के लिए बतौर बल्लेबाजी सलाहकार अपने साथ जोड़ा है।

जूनियर खिलाड़ियों को देंगे कोचिंग

गुरुवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि वसीम जाफर की नियुक्ति मीरपुर में स्थित बीसीबी अकादमी में बतौर बल्लेबाजी सलाहकार की गई है। फिलहाल उनका अनुबंध एक साल के लिए है। वह मई 2019 से अप्रैल 2020 तक इस पद पर बने रहेंगे। अकादमी में अंडर-16 और अंडर-19 आयु वर्ग के बल्लेबाजों को वह पहले कोचिंग देंगे। इसके बाद अगर उनका प्रदर्शन संतोषजनक रहा तो बीसीबी हाई परफॉर्मेंस यूनिट में बतौर बल्लेबाजी सलाहकार उनकी नियुक्त कर सकता है।

युवा बल्लेबाजों के साथ बिताएंगे छह महीने

मिली जानकारी के अनुसार, 41 साल के वसीम जाफर बांग्लादेश के युवा बल्लेबाजों के साथ छह महीने बिताएंगे। जाफर ने भारत की तरफ से 31 टेस्ट मैच खेलकर 1944 रन बनाए हैं। उन्होंने दो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेला है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनकी गिनती रन मशीन के तौर पर होती है। वह अब तक 18 हजार से अधिक रन बना चुके हैं। वह सर्वाधिक रणजी ट्रॉफी खेलने वाले बल्‍लेबाज हैं। फिलहाल वह विदर्भ की टीम से रणजी खेल रहे हैं और उन्होंने अभी तक संन्यास नहीं लिया है।

Published on:
16 May 2019 10:16 pm