
Bangladesh squad for ODI series vs South Africa: साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। बांग्लादेश की टीम में यासिर अली और खालिद अहमद की वापसी हुई है, वहीं मोहम्मद नईम और जाकेर अली को भी टीम में शामिल किया गया है। वहीं, लिटन दास भी टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं। लिटन दास अक्टूबर में यूएई के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थे।
बांग्लादेश के 30 वर्षीय मिडिल ऑर्डर बैट्समैन यासिर अली ने आखिरी बार मार्च 2023 में आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया था। अब तक उन्होंने 9 वनडे मैच खेले खेले और सिर्फ एक अर्धशतक लगा सके हैं। हाल ही में उन्होंने टी20I क्रिकेट में वापसी की है। फिलहाल वह राइजिंग स्टार्स एशिया कप टूर्नामेंट में बांग्लादेश-ए टीम का हिस्सा हैं।
खालिद अहमद ने बांग्लादेश के लिए आखिरी वनडे सितंबर 2023 में खेला था। घरेलू क्रिकेट और पिछले काउंटी सीजन में लंकाशायर के लिए खेलने के बाद उन्होंने बांग्लादेश टीम में वापसी की है।
जाकेर अली और मोहम्मद नईम भी अक्टूबर पिछले साल अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद पहली बार टीम में लौटे हैं। हालांकि, उस सीरीज में दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा था। पिछले 12 महीनों में घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बाद दोनों की टेस्ट टीम में भी वापसी हुई है।
बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज अगले महीने से शुरू होने जा रही है। दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 1 दिसंबर को खेला जाएगा। वहीं दोनों टीमें 4 और 7 दिसंबर को क्रमशः दूसरा और तीसरा वनडे मैच खेलेंगी।
लिटन दास (कप्तान और विकेटकीपर), तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद नईम, नजमुल हुसैन शांतो, तौहीद हृदोय, यासिर अली, जाकेर अली, मेहदी हसन मिराज, तनवीर इस्लाम, रिशाद हुसैन, खालिद अहमद, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, शोरिफुल इस्लाम।