BCCI NAMAN Awards: बीसीसीआई आज 15 मार्च को NAMAN अवॉर्ड समारोह का आयोजन करने जा रहा है। इस दौरान भारतीय क्रिकेट के सितारे रेड कार्पेट पर नजर आएंगे। इस समारोह में किस-किसको सम्मानित किया जाएगा, पूरी लिस्ट के साथ जानें कि आप इस कार्यक्रम को कब और कहां लाइव देख सकते हैं?
BCCI NAMAN Awards: भारतीय क्रिकेट ने हाल ही में एक ऐसा दुर्लभ दौर देखा है, जब लगभग हर महीने कोई न कोई आईसीसी ट्रॉफी जीती है। इसकी शुरुआत महिला वर्ल्ड कप से हुई और आखिर में मेंस टी20 वर्ल्ड कप जीतकर भारत ने इतिहास रच दिया। अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सालाना NAMAN अवॉर्ड 2026 का आयोजन करने जा रहा है, जिसमें युवा प्रतिभाओं के साथ भारतीय क्रिकेट में अहम योगदान देने वाले क्रिकेटर्स को सम्मानित किया जाएगा। ये समारोह आज रविवार 15 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले आपको बताते हैं कि आप इसे कब-कहां लाइव देख सकते हैं।
इस समारोह में भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े नाम हाल के विश्व चैंपियन से लेकर पुराने दौर के दिग्गज तक एक ही छत के नीचे इकट्ठा होंगे। स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क ने पुष्टि की है कि इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स 1 और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉट स्टार पर शाम 6:45 बजे से उपलब्ध होगी। इसमें मुख्य समारोह शुरू होने से पहले मेहमानों के आगमन और रेड कार्पेट के खास पल भी दिखाए जाएंगे।
इस कार्यक्रम में उन सभी पांचों भारतीय टीमों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने पिछले एक साल में आईसीसी खिताब जीते हैं। बीसीसीआई ने बताया है कि इस समारोह में महिला वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी, अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप, अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप और भारतीय टी20 वर्ल्ड जीतने वाली टीमों को भी सम्मानित किया जाएगा।