क्रिकेट

जिस श्रीलंकाई बल्‍लेबाज सोनल दिनुषा ने भारतीयों को तरसाया, उसी की तारीफ में BCCI ने पढ़े कसीदे

IND vs SL 2nd Test Day 5: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्‍ला कोलंबो टेस्‍ट के 5वें दिन भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाने वाले श्रीलंकाई बल्‍लेबाज सोनल दिनुषा की जमकर तारीफ करते हुए उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर से की है।
2 min read
Aug 27, 2026
IND vs SL 2nd Test Day 5, Sonal Dinusha,
कोलंबो टेस्‍ट की दूसरी पारी में अर्धशतक लगाने के बाद बल्‍ला उठाते सोनल दिनुषा। (फोटो सोर्स: IANS)

IND vs SL 2nd Test Day 5 Highlights: कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में खेले जा रहे दूसरे टेस्‍ट के चौथे दिन का खेल खत्‍म होने के बाद श्रीलंका के पास महज 16 रन की बढ़त थी और भारत काफी मजबूत स्थित में नजर आ रहा था। लेकिन, 5वें और आखिरी दिन श्रीलंकाई बल्‍लेबाज सोनल दिनुषा ने संकट मोचक की भूमिका निभाते हुए अपनी टीम दमदार वापसी कराई है। उनकी शानदार पारी की वजह से ही अब ये मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार को भारतीय गेंदबाजों को विकेटों के लिए तरसाने वाले सोनल की भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने जमकर तारीफ की है। इतना ही नहीं उन्‍होंने सोनल की तुलना भारत के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर से भी की है।

'सचिन तेंदुलकर जैसा दिख रहा'

बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज में 25 वर्षीय सोनल दिनुषा श्रीलंका के सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज रहे हैं। उन्होंने अपनी चारों पारियों में 80 से अधिक रन बनाए हैं। 5वें दिन उन्‍हें निडरता से बल्‍लेबाजी करते देख बीसीसीआई के उपाध्‍यक्ष राजीव शुक्‍ला ने एक्‍स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि श्रीलंका का यह सोनल दिनुषा एक कमाल का प्लेयर है। वह सचिन तेंदुलकर जैसा दिख रहा है। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में एक शानदार टेस्ट प्लेयर हो सकता है।

भारत के खिलाफ पहली चार पारियों में 50+ बनाने वाले प‍हले एशियाई बैटर

ज्ञात हो कि सोनल दिनुषा ने गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में 100 और 84 रन बनाकर सीरीज में शानदार आगाज किया था। हालांकि श्रीलंका वह मैच 165 रन से हार गया था। उन्होंने कोलंबो में पहली पारी में 103 रन बनाकर अपना फॉर्म जारी रखा। दूसरे टेस्ट के 5वें दिन चाय काल तक दिनुषा श्रीलंका की दूसरी पारी में 98 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे हैं। दिनुषा भारत के खिलाफ अपनी पहली चार टेस्ट पारी में कम से कम 50 रन बनाने वाले पहले एशियाई बैटर और कुल मिलाकर सिर्फ पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं।

दिनुषा के अलावा केन बैरिंगटन, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान डगलस जार्डिन, वेस्टइंडीज के बैटर एवर्टन वीक्स और क्लाइड वालकॉट ने भी भारत के खिलाफ अपनी पहली चार टेस्ट इनिंग में 50 या उससे ज्‍यादा रन बनाए थे। जार्डिन और वीक्स एक कदम और आगे रहे, उन्होंने भारत के खिलाफ अपनी पहली पांच इनिंग में से हर एक में 50 से ज़्यादा रन बनाए। वीक्स ने अपनी पांचवीं इनिंग में 90 रन बनाने से पहले लगातार चार सेंचुरी बनाईं।

दो टेस्ट मैचों की सीरीज की चारों पारियों में 50 से ज्‍यादा रन बनाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज

कुमार संगकारा बनाम बांग्लादेश (घरेलू, 2013)

कुमार संगकारा बनाम इंग्लैंड (बाहरी, 2014)

दिमुथ करुणारत्ने बनाम दक्षिण अफ्रीका (घरेलू, 2018)

सोनल दिनुषा बनाम भारत (घरेलू, 2026)

Updated on:
27 Aug 2026 03:09 pm
Published on:
27 Aug 2026 03:09 pm