
मिचेल सेंटनर (फोटो- Blackcaps X)
IND vs NZ 4th T20 Auckland Update: शुक्रवार को ऑकलैंड में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 87 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में टीम इंडिया (Team India) 260 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, लेकिन 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर सिर्फ 172 रन ही बना पाई। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ तीनों मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी। लेकिन चौथे टी20 में 260 रन का लक्ष्य विशाल साबित हुआ। हालांकि, कीवी टीम के कप्तान मिचेल सेंटनर (Mitchell Santner) टीम इंडिया के सामने 260 रन का लक्ष्य देने के बावजूद चिंतित थे।
भारतीय टीम ने पहले टी20 मुकाबले में 226 रन के लक्ष्य को हासिल किया था, जो टीम इंडिया का सबसे बड़ा रन चेज था। दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने 181 रन के लक्ष्य को भी हासिल कर लिया, वो भी तब जब 70 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया के सामने 199 रन का लक्ष्य था और इस बार अभिषेक शर्मा के शतक और वैभव सूर्यवंशी की 45 रन की तूफानी पारी की बदौलत 80 गेंद में ही मैच का फैसला हो गया।
वेलिंगटन में धमाकेदार जीत के बाद दुनियाभर में इस बात की चर्चा होने लगी कि टी20 में कोई भी लक्ष्य सेफ नहीं है। खासकर तब, जब अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी फॉर्म में हों। तीसरे टी20 में दोनों ने मिलकर 5 ओवर में ही टीम इंडिया को 100 रन तक पहुंचा दिया और पावरप्ले में टीम का स्कोर 118 कर दिया। अभिषेक ने 35 गेंदों में सैकड़ा ठोक दिया और टीम इंडिया ने 10 ओवर में 178 रन बना लिए।
यही वजह है कि चौथे टी20 में ग्लेन फिलिप्स की शतकीय पारी की बदौलत जब कीवी टीम ने भारत के सामने 260 रन का लक्ष्य रखा, तब भी मिचेल सेंटनर घबराए हुए थे। जीत के बाद मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कीवी कप्तान ने कहा, "इस पिच पर 260 का स्कोर अच्छा था, लेकिन इन बल्लेबाजों के खिलाफ आपको अच्छी गेंदबाजी करनी होती है और मुझे लगता है कि हमने ऐसा ही किया।" सेंटनर की बातों से जाहिर होता है कि कीवी गेंदबाजों और उनके कप्तान के मन में भारतीय बल्लेबाजों को लेकर कितना खौफ बैठा हुआ है।
सेंटनर ने कहा, "मुझे लगता है कि हमने पिच को अच्छे से समझ लिया था। शुरुआत में हमने देखा कि गेंद तेजी से निकल रही थी, तो हमने उसी लेंथ पर गेंदबाजी जारी रखी। हमने शानदार बल्लेबाजी की और हम शुरुआत में ही विकेट लेने में कामयाब रहे, जो पावरप्ले में बहुत बड़ी बात होती है। आज रात हमारी लाइन और लेंथ बहुत अच्छी थी और पिच से भी थोड़ी मदद मिल रही थी। हम ज्यादातर मैचों में ऐसी ही पिच चाहते हैं। इसलिए, जब हमें अच्छी उछाल वाली पिच मिलती है और हम सही जगह गेंदबाजी करते हैं, तो सब कुछ अच्छा होता है।"
सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला हेमिल्टन के सेडन पार्क में 1 नवंबर को खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया को 5 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। टीम इंडिया 2019 के बाद कोई 5 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी।
Updated on:
30 Oct 2026, 7:41 PM IST
Published on:
30 Oct 2026, 6:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.