
श्रेयस अय्यर। (फोटो सोर्स: एक्स@/Cricket_live247)
IND vs NZ 4th T20I Score and Update: शुक्रवार को ऑकलैंड में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में हार गई। इस हार के साथ 7 साल से कीवी टीम की सरजमीं पर चला आ रहा जीत का सिलसिला थम गया। इससे पहले न्यूजीलैंड ने साल 2019 में टीम इंडिया को आखिरी बार हराया था। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 259 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर सिर्फ 172 रन बना सकी। तीसरे मैच में शानदार जीत के बावजूद चौथे मैच की प्लेइंग 11 में बड़ा बदलाव हुआ, जिसकी वजह से टीम इंडिया को जिस तरह की शुरुआत चाहिए थी वो नहीं मिली और 260 रन का लक्ष्य पहाड़ बना गया।
वेलिंगटन में भारतीय टीम के सामने 199 रन का लक्ष्य था और अभिषेक शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर 6 ओवर में 118 रन जोड़ लिए। उस मुकाबले में सूर्यवंशी ने पहली गेंद पर ही चौका जड़ दिया था और दोनों सलामी बल्लेबाजों ने मिलकर 2.2 ओवर में टीम के 50 रन पूरे कर लिए थे। 5 ओवर में भारत के 100 रन हो चुके थे। सूर्यवंशी ने 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 45 रन की पारी खेली। लेकिन चौथे टी20 से उन्हें बाहर कर दिया गया। प्लेइंग 11 में ये बदवाल भारी पड़ा और टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।
ऑकलैंड टी20 के लिए भारत की प्लेइंग 11 में दो बदलाव हुए। वैभव सूर्यवंशी और भुवनेश्वर कुमार को बाहर किया गया, जबकि ईशान किशन और मयंक यादव की वापसी हुई। दोनों खिलाड़ी पहले टी20 के बाद से बेंच पर बैठे थे। भुवी की जगह प्लेइंग 11 में शामिल हुए मयंक यादव ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 3 विकेट चटकाए लेकिन ईशान किशन खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि टीम में ईशान किशन की जगह पहले बनती है और उनके फिट होने के बाद उनकी वापसी होनी भी चाहिए थी लेकिन उनकी जगह नितीश रेड्डी या अक्षर पटेल में से किसी एक बॉलर को बाहर किया जा सकता था।
इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाज एक बार फिर ग्लेन फिलिप्स के खिलाफ असरदार गेंदबाजी करने में फेल रहे। पहले दोनों टी20 में भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाए वाले फिलिप्स को रोकने के लिए न टीम इंडिया के कप्तान के पास कोई प्लान था और न ही कोच कुछ कर पाए। फिलिप्स ने 49 गेंदों में 10 छक्कों की मदद से 107 रन की पारी खेली।
Updated on:
30 Oct 2026, 4:51 PM IST
Published on:
30 Oct 2026, 4:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.