क्रिकेट

विराट कोहली के पब के खिलाफ बेंगलुरु पुलिस का बड़ा एक्‍शन

Virat Kohli Pub: विराट कोहली के बेंगलुरु स्थिन पब 'वन8 कम्यून' के खिलाफ पुलिस ने एक्‍शन लेते हुए केस दर्ज किया है। ये केस सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 (COTPA) के तहत केस दर्ज किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 2 Jun 2025, 11:24 AM IST
Virat Kohli
RCB के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Image Source: IPL Official Site)

Virat Kohli Pub: विराट कोहली के स्वामित्व वाले पब 'वन8 कम्यून' के खिलाफ बेंगलुरु पुलिस ने बड़ा एक्‍शन लिया है। बेंगलुरु के रत्नम कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल पर स्थित इस पब के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 (COTPA) के तहत केस दर्ज किया गया है। ये मामला स्मोकिंग जोन निर्धारित न करने को लेकर है। पुलिस को शिकायत मिली थी कि 'वन8 कम्यू'न पब में स्मोकिंग जोन के नियमों का उल्लंघन हो रहा है। कब्बन पार्क पुलिस ने सीओटीपीए अधिनियम के उल्लंघन के लिए स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। पब पर सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 4 और 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्‍या है सीओटीपीए?

बता दें कि सीओटीपीए अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान के लिए सख्त नियम निर्धारित किए गए हैं, जिनका पालन न करना कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है। वन8 कम्यून विराट कोहली के स्वामित्व वाली पब चेन है, जिसकी दिल्ली, मुंबई, पुणे, कोलकाता और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों में ब्रांच हैं।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

वन8 कम्यून पहले भी मुश्किल में पड़ चुका है। जून 2024 में निर्धारित समय से अधिक समय तक संचालन करने के लिए एफआईआर दर्ज की गई थी। उस वक्त पाया गया था कि पब रात 1 बजे के बाद भी खुला था और ग्राहकों को सर्व कर रहा था। इसके बाद दिसंबर 2024 में ग्रेटर बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने पब को फायर सेफ्टी रूल्स के उल्लंघन के लिए नोटिस जारी किया था।

आईपीएल में व्‍यस्‍त हैं विराट कोहली

विराट कोहली इन दिनों आईपीएल-2025 में व्यस्त हैं। कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा हैं, जिसने इस सीजन के फाइनल में अपनी जगह बनाई है। नौ साल बाद ये टीम खिताबी मैच में उतरेगी। 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आरसीबी का सामना पंजाब किंग्स से होगा। दोनों ही टीमें अब तक एक भी बार आईपीएल खिताब नहीं जीती है। ऐसे में फैंस को इस बार एक नया विजेता मिलेगा।

Updated on:
2 Jun 2025, 11:24 AM IST
Published on: