क्रिकेट

भारत के स्‍टार गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का बड़ा खुलासा, बोले- मुझे भारतीय टीम में वापसी के लिए आया था कॉल

Bhuvneshwar Kumar: भारत के लिए 294 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले स्‍टार गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने बड़ा खुलासा किया है। उन्‍होंने बताया कि मुझे भारतीय टीम में वापसी के लिए कॉल आया था, जिसमें कहा गया कि वह अगली कुछ सीरीज सीरीज में खेल सकते हैं।
2 min read
Sep 15, 2026
Bhuvneshwar Kumar and Virat Kohli
विराट कोहली के साथ विकेट लेने के बाद जश्न मनाते हुए भुवनेश्वर कुमार। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)

Bhuvneshwar Kumar: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की लगातार दो इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) जीत के बाद अनुभवी पेसर भुवनेश्वर कुमार फिर से भारतीय टीम के दरवाजे खटखटा रहे हैं। 2022 में टीम इंडिया के लिए आखिरी बार खेलने वाले 36 वर्षीय भुवनेश्वर ने वापसी करने और एक बार फिर नीली जर्सी पहनने की इच्छा जाहिर की है। उन्‍होंने कहा कि मैं कुछ साबित करने के लिए नहीं खेल रहा हूं, लेकिन मुझे फिर से भारत के लिए खेलने में खुशी होगी। इसके साथ उन्‍होंने उस कॉल का भी खुलासा किया, जिसमें उन्‍हें अगले कुछ सीरीज में खिलाने की बात कही गई थी।

आरसीबी को आईपीएल खिताब जिताने में निभाई अहम भूमिका

बता दें कि भुवी ने आईपीएल 2025 में आरसीबी के लिए 17 विकेट लिए और नई व पुरानी दोनों गेंदों से असरदार साबित हुए। इसके बाद 2026 में अपनी गेंदबाजी को और ज्‍यादा धार देते हुए 17.89 के शानदार औसत से 28 विकेट लेकर रिकॉर्ड तीसरी बार पर्पल कैप जीतने से बस एक विकेट पीछे रह गए। उन्‍होंने आरसीबी को लगातार दो टाइटल जिताने में अहम भूमिका निभाई।

'मुझे भारत के लिए फिर से खेलकर खुशी होगी'

भुवी ने जतिन सप्रू के यूट्यूब चैनल पर कहा कि मैं कुछ साबित करने के लिए नहीं खेल रहा हूं, लेकिन मुझे भारत के लिए फिर से खेलकर खुशी होगी। हालांकि, मैं उस समय से आगे निकल गया हूं, जब मैं अगली सीरीज का इंतजार किया करता था। मुझे शुरू में लगा था कि वह इंडियन टीम में वापसी कर सकते हैं, जब उन्हें एक कॉल आया, जिसमें कहा गया था कि वह अगली कुछ सीरीज में खेल सकते हैं। हालांकि, बाद में अहसास हुआ कि ऐसा नहीं था। यह झटका मुश्किल था। उन्होंने कहा कि आखिरकार उन्होंने इसे मान लिया, जिसमें उनके परिवार ने उन्हें इससे निपटने में अहम भूमिका निभाई।

उन्‍होंने आगे कहा कि कॉल के आधार पर मुझे लगा कि शायद अगली दो सीरीज में मैं खेल सकता हूं। लेकिन, फिर मुझे अहसास हुआ कि उन्होंने जो कहा वह सच नहीं है। यह दुख देने वाला नहीं था, क्योंकि तब मुझे पता था कि क्या हो रहा है और मैंने इसे मान लिया। हालांकि यह मेरे लिए आसान नहीं था।

न्‍यूजीलैंड के खिलाफ 4 साल पहले खेला था आखिरी मैच

बता दें कि भुवनेश्‍वर कुमार ने आखिरी बार नवंबर 2022 में टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। ऑस्ट्रेलिया में T20 वर्ल्ड कप से भारत के सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद वह मैच नेपियर न्‍यूजीलैंड के खिलाफ था। भुवी ने सभी फॉर्मेट में 229 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उन्‍होंने 29.50 के शानदार औसत से 294 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्‍होंने सात बार पांच विकेट भी लिए हैं।

Updated on:
15 Sept 2026 05:42 pm
Published on:
15 Sept 2026 03:04 pm