क्रिकेट

दलीप ट्रॉफी 2025 का दोनों सेमीफाइल हुआ ड्रॉ लेकिन फाइनल में पहुंची सेंट्रल और साउथ जोन, जानें नियम

साउथ जोन के पास पहली पारी के आधार पर 175 रन की विशाल लीड थी। सेंट्रल जोन ने पहली पारी में 162 रन की बढ़ हासिल की थी।

2 min read
Sep 07, 2025
Duleep Trophy 2025
दलीप ट्रॉफी 2025 के साउथ जोन और सेंट्रल जोन (फोटो- IANS)

साउथ जोन ने रविवार को दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। इस टीम ने बीसीसीआई सीओई ग्राउंड 1 पर नॉर्थ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मैच की पहली पारी में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की थी। साउथ जोन को फाइनल में पहुंचाने का श्रेय काफी हद तक विकेटकीपर-बल्लेबाज एन जगदीशन और गेंदबाज गुरजपनीत को जाता है। एन जगदीशन ने इस मैच में 197 और नाबाद 52 रनों की पारियां खेली। वहीं, गुरजपनीत ने चार विकेट अपने नाम किए।

जगदीशन ने खेली थी 197 की पारी

मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ जोन ने पहली पारी में 536 रन बनाए। इस पारी में एन जगदीशन ने तन्मय अग्रवाल (43) और देवदत्त पड्डिकल (57) के साथ शतकीय साझेदारियां कीं। जगदीशन 352 गेंदों में दो छक्कों और 16 चौकों की मदद से 197 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिकी भुई ने 54 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा तनय त्यागराजन ने 58 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम की ओर से निशांत सिंधु ने पांच विकेट अपने नाम किए।

इसके जवाब में नॉर्थ जोन की टीम पहली पारी में 361 रन पर सिमट गई। टीम के लिए शुभम खजूरिया ने सर्वाधिक 128 रन बनाए, जबकि निशांत ने 82 रन का योगदान दिया। इनके अलावा आयुष बडोनी ने टीम के खाते में 40 रन जोड़े, जबकि मयंक डागर ने 31 रन जुटाए। विपक्षी खेमे से गुरजपनीत सिंह ने 96 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए, जबकि निधीश ने तीन विकेट निकाले।

साउथ जोन के पास पहली पारी के आधार पर 175 रन की विशाल लीड थी। इस टीम ने दूसरी पारी में 24.4 ओवरों में एक विकेट गंवाकर 95 रन बना लिए थे। इस पारी में जगदीशन 69 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम ने 34 के स्कोर पर तन्मय अग्रवाल (13) का विकेट गंवा दिया था। यहां से जगदीशन ने देवदत्त पड्डिकल के साथ अटूट साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। साउथ जोन 11 सितंबर से इसी मैदान पर खिताबी मुकाबले में सेंट्रल जोन के खिलाफ उतरेगी।

ड्रॉ के बाद कैसे तय हुई फाइनलिस्ट

4 दिन का फर्स्ट क्लास मैच खेला जाता है। ऐसे में जब भी नॉकआउट मैच खेले जाते हैं, तो उस मैच के ड्रॉ होने की स्थिति में जो भी टीम बढ़त हासिल कर चुकी होती है, वो आगे बढ़ती है। दलीप ट्रॉफी 2025 के दोनों सेमीफाइनल और क्वार्टरफाइनल भी ड्रॉ रहे थे लेकिन बढ़त हासिल करने वाली टीमें आगे बढ़ीं।

Published on:
07 Sept 2025 04:13 pm