
Ravichandran Ashwin, Padmashree Award: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने अश्विन को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहे।
रविचंद्रन अश्विन ने भारतीय क्रिकेट में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है और इस सम्मान के जरिए उनके अद्वितीय योगदान को मान्यता दी गई है। अश्विन ने पिछले वर्ष ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। अश्विन भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल स्पिनरों में शुमार हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज के रूप में अपना शानदार करियर समाप्त किया।
अश्विन ने 106 टेस्ट मैचों में कुल 537 विकेट चटकाए, और इस सूची में वह केवल पूर्व महान स्पिनर अनिल कुंबले से पीछे रहे, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में 619 विकेट लिए थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा लेने के बाद भी अश्विन का जादू बरकरार है। वह वर्तमान में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हालांकि टीम का इस सीजन बुरा हाल है और वह अंक तालिका के अंत में है।
अश्विन ने भारत के लिए दो आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। वे साल 2011 वर्ल्ड कप जीतने वाली महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली भारतीय टीम का हिस्सा था। इसके अलावा अश्विन ने 2013 में इंग्लैंड में हुई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में भारत के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाज़ी की थी और फाइनल में भी अच्छी परफॉर्मेंस दी थी।