टीम इंडिया के तत्कालीन कोच गैरी कर्स्टन और कप्तान Mahendra Singh Dhoni नहीं चाहते थे कि Virat Kohli का चयन श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया में हो।
नई दिल्ली : विराट कोहली (Virat Kohli) इस वक्त दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार होते हैं और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के चहेते खिलाड़ियों में शुमार रहे हैं। लेकिन एक वक्त ऐसा था तत्कालीन कप्तान धोनी और टीम इंडिया के कोच गैरी कर्स्टन नहीं चाहते थे कि कोहली का चयन टीम इंडिया में हो। इसका खुलासा एक क्रिकेट वेबसाइट के साक्षात्कार में पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसकर (Dilip Vengsarkar) ने किया है।
बोले नहीं देखा विराट को खेलते
63 साल के पूर्व क्रिकेटर और टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता रहे वेंगसरकर ने कहा कि वह और पूरी चयन समित इस बात पर सहमत थी कि अंडर-23 टीम के खिलाड़ी विराट कोहली को टीम में जगह दी जाए। उससे कुछ ही पहले भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीता था। इसमें अंडर-19 के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने शानदार प्रदर्शन किया था और उन लोगों ने श्रीलंका दौरे के लिए विराट को चुन लिया। लेकिन तत्कालीन कोच गैरी कस्टर्न और कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) ने कहा कि उन दोनों ने विराट को खेलते नहीं देखा है, इसलिए वह उन्हें नहीं खेला सकते। हम पुरानी टीम के साथ ही उतरना चाहते हैं।
धोनी ने विराट की जगह बद्रीनाथ का किया समर्थन
दिलीप वेंगसरकर ने बताया कि उन्होंने धोनी और कर्स्टन से कहा कि आपने भले विराट को खेलते नहीं देखा है, लेकिन उन्होंने देखा है और उन्हें लगता है कि इस लड़के को टीम में लेना चाहिए। कोहली को टीम में शामिल कर श्रीलंका ले जाने का यह सही समय है, लेकिन धोनी और गैरी दोनों उनके फैसले से अहसमत थे। महेंद्र सिंह धोनी कोहली की जगह सुब्रहमण्यम बद्रीनाथ को टीम में चाहते थे।
बद्रीनाथ ने किया था शानदार प्रदर्शन
वेंगसरकर ने बताया कि उस सीजन में बद्रीनाथ ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था और वह पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन की आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स से खेलते थे। इस कारण हम पर अतिरिक्त दबाव था। वह भी उनके इस फैसले से खुश नहीं थे।