24 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पहले 6 ओवर में ही मैच पलटने का दम, अभिषेक शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ कितने खतरनाक?

Abhishek Sharma vs New Zealand T20I: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20I में अभिषेक शर्मा कितने खतरनाक हैं? जानें उनके रिकॉर्ड, विस्फोटक बल्लेबाजी, पावरप्ले में प्रदर्शन और पहले 6 ओवर में मैच पलटने की क्षमता।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Satya Brat Tripathi

•

Updated: 24 Oct 2026, 6:55 AM IST

abhishek sharma latest update.

भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा। (Photo- IANS)

Abhishek Sharma Powerplay Performance: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहले छह ओवर मैच की तस्वीर बदल सकते हैं। इस दौरान अगर किसी बल्लेबाज का बल्ला चल जाए, तो विरोधी टीम की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा की पहचान पहली गेंद से ही आक्रामक रुख अपनाने की रही है। वह शुरुआत से ही बड़े शॉट खेलने से नहीं हिचकिचाते और गेंदबाजों को अपनी रणनीति बदलने पर मजबूर कर देते हैं। उनके आंकड़े भी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की गवाही देते हैं।

पहली गेंद पर छक्का लगाने में अभिषेक शर्मा सबसे आगे

अभिषेक शर्मा की आक्रामकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह पारी की पहली गेंद से ही बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली गेंद पर छक्का लगाने के मामले में भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा सबसे आगे हैं। वह अब तक पारी की पहली गेंद पर कुल सात बार छक्का जड़ चुके हैं।

इस सूची में अफगानिस्तान के शफीकुल्लाह शिनवारी छह छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि भारत के सूर्यकुमार यादव पांच बार यह कारनामा कर चुके हैं। वहीं, आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग, न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो और यूएई के मोहम्मद नवीद ने चार-चार बार पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया है।

एक कैलेंडर ईयर में भारत के लिए सबसे ज्यादा 50+ ओपनिंग साझेदारियां

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान भारत के लिए सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रन की ओपनिंग साझेदारी करने के मामले में भी अभिषेक शर्मा का नाम प्रमुखता से सामने आता है। इस सूची में केएल राहुल और रोहित शर्मा की जोड़ी ने 2021 में, अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी ने 2025 में और अभिषेक शर्मा तथा संजू सैमसन की जोड़ी ने 2026 में पांच-पांच बार 50 या उससे अधिक रन की ओपनिंग साझेदारी की। वहीं, शिखर धवन और रोहित शर्मा की जोड़ी ने 2018 में चार बार यह उपलब्धि हासिल की थी।

टी20I में पावरप्ले के दौरान भारत का सर्वोच्च स्कोर

भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पावरप्ले के दौरान विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं। इन उपलब्धियों में अभिषेक शर्मा का भी अहम योगदान रहा है। पावरप्ले में भारत का सर्वोच्च स्कोर 100/0 है, जो 2026 में दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया गया था। इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने महज 34 गेंदों में 108 रन की शानदार पारी खेली थी। इस सूची में दूसरे स्थान पर 2025 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया गया 95/1 का स्कोर है। उस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 54 गेंदों पर 135 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।

वहीं, 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ गुवाहाटी में भारत ने पावरप्ले में 94/2 और क्राइस्टचर्च में 94/1 का स्कोर बनाया। इसके अलावा, 2026 टी20 विश्व कप के फाइनल में अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने पहले छह ओवरों में बिना विकेट गंवाए 92 रन बनाए। भारत के पावर प्ले के ये स्कोर अभिषेक शर्मा की आक्रामकता को दर्शाते हैं।

अभिषेक शर्मा: एक कैलेंडर वर्ष में नौ अर्धशतक

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अभिषेक शर्मा अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की क्षमता के लिए लगातार चर्चा में रहते हैं। पहले छह ओवरों में गेंदबाजों पर दबाव बनाने वाले अभिषेक ने 2026 में भारत के लिए एक कैलेंडर वर्ष में नौ बार 50 या उससे अधिक रन की पारियां खेलकर विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

उनकी आक्रामक शुरुआत भारतीय टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती है। इस सूची में सूर्यकुमार यादव शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 2022 में 11 बार 50 या उससे अधिक रन बनाए थे। विराट कोहली ने भी 2022 में नौ बार यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, 2026 में ईशान किशन और संजू सैमसन ने भी आठ-आठ बार 50 या उससे अधिक रन की पारियां खेली हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20I में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20I में अभिषेक शर्मा ने कुल 7 मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 248.11 की स्ट्राइक से कुल 263 रन बनाए हैं, जिनमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20I में उनका सर्वोच्च स्कोर 84 रन है।

भारत की जीत में पावरप्ले की होगी अहम भूमिका

न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम चाहेगी कि अभिषेक शर्मा शुरुआती छह ओवरों में तेजी से रन बनाने के साथ-साथ क्रीज पर भी टिके रहें। अगर वह पावरप्ले में बड़ी पारी खेलने में सफल रहते हैं, तो इससे मध्यक्रम के बल्लेबाजों पर दबाव कम होगा और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने का बेहतर मौका मिलेगा।

हालांकि, न्यूजीलैंड की रणनीति उन्हें शुरुआती ओवरों में ही आउट करने की होगी। ऐसे में अभिषेक के लिए आक्रामकता और सही शॉट चयन के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा। उनके आंकड़े भारतीय टीम की उम्मीदें जरूर बढ़ाते हैं, लेकिन मैदान पर शुरुआती छह ओवरों में उनका प्रदर्शन ही तय करेगा कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले का रुख कितनी जल्दी बदल पाते हैं।