
AFG vs ZIM: अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शारजाह में खेला जा रहा है। इस मुकाबले की दूसरी इनिंग में जिम्बाब्वे के बल्लेबाज क्रेग एर्विन ने शतक ठोक ना सिर्फ हमवतन ब्रैंडन टेलर को पीछे छोड़ दिया बल्कि इतिहास भी रच दिया है। दरअसल, वह जिम्बाब्वे के लिए टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज शख्स बन गए हैं। क्रेग एर्विन ने जिम्बाब्वे के लिए 41 वर्ष और 82 दिन की उम्र में यह खास उपलब्धि हासिल की।
क्रेग एर्विन (समाचार लिखे जाने तक 160 रन पर खेल रहे थे) के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास हो जाती है कि क्योंकि इसी मैच की पहली इनिंग में शतक ठोक ब्रैंडन टेलर ने इसी रिकॉर्ड को अपने नाम किया था। ब्रैंडन टेलर ने 40 वर्ष और 272 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। खास बात यह है भी है कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह केवल तीसरा मौका है, जब एक ही टेस्ट मैच में 40 साल से अधिक उम्र के एक से ज्यादा खिलाड़ियों ने शतक जड़े हैं।
शारजाह में खेले जा रहे अफगानिस्तान-जिम्बाब्वे टेस्ट से पहले, साल 2016 में पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक ने 40 साल से ज्यादा की उम्र में टेस्ट शतक लगाया था। इसके बाद ब्रैंडन टेलर और अब क्रेग एर्विन ने यह कारनामा किया है।
साल 2000 के बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की सूची में पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक पहले नंबर पर हैं। उन्होंने 42 साल और 47 दिन की उम्र में टेस्ट शतक लगाया था। इस सूची में अब जिम्बाब्वे के क्रेग एर्विन दूसरे नंबर पर आ गए हैं, जिन्होंने 41 साल और 82 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। वहीं, जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 40 साल और 272 दिन की उम्र में टेस्ट शतक जड़ा था। इस सूची में वेस्टइंडीज के शिवनारायण चंद्रपॉल चौथे नंबर पर हैं, जिन्होंने 40 साल और 31 दिन की उम्र में टेस्ट सेंचुरी लगाई थी।