डेविड वॉर्नर पाकिस्तान के खिलाफ 3 जनवरी से सिडनी में अपने करियर का आखिरी टेस्ट खेलने जा रहे हैं। लेकिन, इससे ठीक पहले उनके लिए बुरी खबर आ गई है। उनकी एक अनमोल चीज चोरी हो गई है। इसलिए सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने इसे वापस देने की अपील की है।
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला तीन जनवरी को सिडनी में खेला जाएगा। ये टेस्ट डेविड वॉर्नर के करियर का आखिरी टेस्ट मुकाबला होगा। लेकिन, इससे ठीक पहले उनके लिए बुरी खबर आ गई है। उनकी एक अनमोल चीज चोरी हो गई है। इसलिए सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने इसे वापस देने की अपील की है। उनकी ये अनमोल चीज उनकी बैगी ग्रीन कैप (जो डेब्यू पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को मिलती है।) है, जो उनके बैग में रखी थी। लेकिन, मेलबर्न से सिडनी आते समय उनका बैकपैक चोरी हो गया है।
ऑस्ट्रेलिया के स्टार सलामी बल्लेबाज सिडनी टेस्ट के पूरा होते ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। इससे पहले वॉर्नर की डेब्यू कैप के खोने से हर कोई स्तब्ध है। बताया जा रहा है कि उन्होंने एक छोटे बैकपैक को बड़े क्रिकेट बैग में रखा था, लेकिन ये बैकपैक मेलबर्न से सिडनी नहीं पहुंचा। वॉर्नर ने इस संबंध में इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर डेब्यू कैप वापस देने की अपील की है।
वॉर्नर बोले- ग्रीन्स कैप लौटाने वाले को कोई परेशानी नहीं होगी
वॉर्नर ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि दुर्भाग्य से ये अंतिम उपाय है। दुर्भाग्य से किसी ने मेरे सामान के बैग से बैकपैक निकाल लिया है, जिसमें बैकपैक के साथ मेरी लड़कियों के गिफ्ट थे। इसमें मेरा बैगी ग्रीन्स भी था। ये कुछ ऐसा है जिसे मैं वापस लेना पसंद करूंगा और इस सप्ताह उसे पहनना पसंद करूंगा। ये जिस किसी के पास है, वह मुझे लौटा दे, इससे मुझे खुशी होगी और आप किसी परेशानी में नहीं पड़ेंगे।
यह भी पढ़ें :डेविड वॉर्नर विदाई टेस्ट से पहले हुए भावुक, बचपन के दोस्त ख्वाजा बोले- थोड़ा भी नहीं बदला
फॉक्स क्रिकेट की ओर से भी की गई अपील
डेविड वॉर्नर ने बताया है कि दोनों डेब्यू कैप बैग में ही थीं। सिडनी पिंक टेस्ट से पहले डेविड वॉर्नर जैन मैक्ग्रा फाउंडेशन के पिंक कैप के साथ दिखे। बता दें कि वॉर्नर टेस्ट और वनडे करियर से संन्यास के बाद फॉक्स क्रिकेट कमेंट्री टीम में शामिल होंगे। फॉक्स क्रिकेट की ओर से अपील की गई है कि बैगी ग्रीन कैप को आर्टारमोन, सिडनी में फॉक्स स्पोर्ट्स के हेड ऑफिस में वापस किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : भारत छोड़ ऑस्ट्रेलिया पहुंचा ये खिलाड़ी, अब बिग बैश लीग में मचा रहा धमाल