क्रिकेट

DC vs MI: स्पिनर्स के सामने रोहित-हार्दिक फ्लॉप, तिलक वर्मा ने मुंबई को पहुंचाया 200 के पार, दिल्ली के सामने विशाल लक्ष्य

Delhi Capitals vs Mumbai Indians: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के 5 विकेट गिरे और जिसमें से 4 बल्लेबाज स्पिनर्स का शिकार हुए। कुलदीप यादव और विप्रज निगम ने 2-2 विकेट चटकाए।

2 min read
Apr 13, 2025

IPL 2025, DC vs MI 1st Inning Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में दिल्ली कैपिटल्स को लगातार 5वां मुकाबला जीतने के लिए 206 रन की जरूरत है। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 205 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा फिर फ्लॉप हुए तो तिलक वर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली। हार्दिक पंड्या सिर्फ 2 रन का योगदान दे पाए। रायन रिकल्टन ने 41 और सूर्यकुमार यादव ने 40 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेली। दिल्ली की ओर से कुलदीप यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 2 विकेट हासिल किए।

फिर रोहित शर्मा ने किया निराश

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में अक्षर पटेल ने टॉस जीता और मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। इस सीजन खराब फॉर्म से गुजर रही मुंबई इंडियंस एक बार फिर अच्छी शुरुआत करने में नाकाम रही और रोहित शर्मा 18 रन बनाकर विप्रज निगम का शिकार हो गए। 8वें ओवर में रायन रिकल्टन 41 रन बनाकर आउट हो गए, जब मुंबई इंडियंस ने 75 रन बना लिए थे। सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर टीम को 100 के पार पहुंचाया।

14वें ओवर की पहली गेंद पर सूर्या को कुलदीप यादव ने पवेलियन भेज दिया। उन्होंने 28 गेंदों में 40 रन की पारी खेली। हार्दिक पंड्या सस्ते में चलते बने, जब वह चौथी गेंद पर विप्रज निगम की गेंड पर ट्रिस्टन स्टब्स को कैच दे बैठे। दूसरी ओर तिलक वर्मा ने नमन धीर के साथ मिलकर अपना अर्धशतक पूरा किया। एक समय स्पिनर्स के सामने लड़खड़ाने वाली मुंबई इंडियंस की टीम तिलक के अर्धशतक और नमन की जुझारी पारी की बदौलत 200 रन के करीब नजर आने लगी। 200 रन तक मुंबई को पहुंचाकर तिलक वर्मा आखिरी ओवर में आउट हो गए। उन्होंने 33 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। आखिरी गेंद पर नमन धीर ने चौका लगाकर मुंबई को 205 रन तक पहुंचा दिया। वह 17 गेंदों में 38 रन बनाकर नाबाद रहे।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। विप्रज निगम ने भी 2 विकेट चटकाए लेकिन उन्होंने 4 ओवर में 41 रन खर्च किए। स्टार्क ने 3 ओवर में 43 रन लिए और कोई सफलता नहीं मिली तो अक्षर और मोहित शर्मा भी खाली हाथ लौटे।

Also Read
View All

अगली खबर