क्रिकेट

199 के शिकार होने वाले दुनिया के 10वें बल्लेबाज बने एल्गर, अमला ने भी ठोका शतक

दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को तीन विकेट पर 496 रन का विशाल स्कोर बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी।
2 min read
• •
Updated: 29 Sep 2017, 10:52 PM IST
Dean Elger Out at 199 Amla made another Ton against Bangladesh

पोचेफ्सट्रूम। ओपनर डीन एल्गर (199) और हाशिम अमला (137) के शानदार शतकों से दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को तीन विकेट पर 496 रन का विशाल स्कोर बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। एल्गर जब अपने पहले दोहरे शतक से मात्र एक रन दूर थे कि मुस्ताफिजुर रहमान ने उन्हें आउट इस उपलब्धि से वंचित कर दिया। एल्गर का यह नौवां शतक था। एल्गर इस तरह 199 के फेर में पडऩे वाले टेस्ट इतिहास के दसवें बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 388 गेंदों पर 199 रन में 15 चौके और तीन छक्के लगाए।

टेस्ट क्रिकेट में ये रिकॉर्ड सबसे पहली बार पाकिस्तान के मुद्दसर नजर के नाम पर दर्ज हुआ था, जबकि आखिरी बार 199 रन पर आउट होने वाले बल्लेबाज भारत के केएल राहुल थे। राहुल ने पिछले साल के अंत में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में ये रिकॉर्ड बनाया था। इसी टेस्ट में भारत के करुण नायर ने तिहरा शतक ठोककर राहुल का ये रिकॉर्ड सभी को भूला दिया था।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट पर 298 रन से आगे खेलना शुरू किया था। एल्गर ने 128 और अमला ने 68 रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। एल्गर ने दूसरे विकेट के लिए अमला के साथ 215 रन की साझेदारी की। अमला ने अपने करियर का 27 वां शतक बनाया। अमला टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजों का 70000वां शिकार बने। खास बात ये है कि इससे पहले 60000वां शिकार भी अमला ही बने थे। मजे की बात ये है कि क्रिकेट की दुनिया में एलबीडब्लू होने वाले बल्लेबाजों की भी एक खास संख्या अमला के ही आउट होने से बनी थी।

तेम्बा बावूमा 31 और कप्तान फाफ डू प्लेसिस 26 रन पर नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए मुस्ताफिजुर रहमान और शफीउल इस्लाम ने एक- एक विकेट लिया। बांग्लादेश ने इसके जवाब में दिन का खेल समाप्त होने तक 34 ओवर में तीन विकेट खोकर 127 रन बना लिए हैं। बांग्लादेश अभी पहली पारी में 369 रन से पीछे है। स्टंप्स के समय मोमिनुल ह$क 28 और तमीम इकबाल 22 रन बनाकर क्रीज पर थे। कप्तान मुशफिकुर रहीम ने 44 रन बनाए।

Published on: