क्रिकेट

साउथ अफ्रीका दौरे पर टीम इंडिया को तगड़ा झटका, मोहम्मद शमी समेत दो खिलाड़ी हुए बाहर

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब 3 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। लेकिन, इससे पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर आ रही है। मोहम्‍मद शमी समेत दो खिलाड़ी टीम से बाहर हो गए हैं।

2 min read

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब 3 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी, लेकिन इससे पहले ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज दीपक चाहर जहां वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनके रिप्‍लेसमेंट के तौर पर बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप को टीम में चुना गया है। वहीं मोहम्‍मद शमी भी चोट के चलते टेस्‍ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि उनके रिप्‍लेसमेंट की अभी घोषणा नहीं की गई है। क्‍योंकि भारतीय टेस्‍ट टीम में जसप्रीत बुमराह, मोहम्‍मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, मुकेश कुमार और प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में 5 तेज गेंदबाज पहले से मौजूद हैं।


दरअसल, दीपक चाहर के पिता की हालत इन दिनों कुछ ठीक नहीं चल रही है। पिछले दिनों तबीयत ज्‍यादा खराब होने की वजह से वह ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज का आखिरी टी20 नहीं खेल सके थे और बीच में ही घर लौट गए थे। उन्‍हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे के साथ टी20 टीम में भी चुना गया था। पिता की सेवा के चलते वह टी20 नहीं खेल सके थे और इस वजह से अब उन्‍हें वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है।

शमी को फिटनेस टेस्ट की शर्त पर किया था शामिल

दरअसल, मोहम्‍मद शमी को टेस्‍ट टीम में फिटनेस टेस्ट पास करने की शर्त पर चुना गया था, लेकिन वह अभी भी पूरी तरह से फिट नहीं हैं। शमी की एड़ी में चोट है। अब उनकी वापसी इंग्लैंड के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज से हो सकती है। टेस्‍ट टीम में उनकी जगह तुषार देशपांडे, हर्षित राणा, नवदीप सैनी और विद्वत कवरप्पा में से किसी एक को चुना जा सकता है, जो इंडिया ए के साथ साउथ अफ्रीका में ही मौजूद हैं।

यह भी पढ़ें : अर्शदीप सिंह पर गुस्से में आग-बबूला हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव, सामने आया ये वीडियो

भारतीय वनडे टीम

केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन, तिलक वर्मा, रजत पाटीदार, रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मुकेश कुमार, आवेश खान, अर्शदीप सिंह और आकाश दीप।

भारतीय टेस्ट टीम

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन (विकेटकीपर), केएल राहुल (विकेटकीपर), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा।

यह भी पढ़ें : रोहित शर्मा साउथ अफ्रीका पहुंचे, वर्ल्ड कप की कड़वी यादों को भुला उतरेंगे मैदान में

Published on:
16 Dec 2023 11:34 am
Also Read
View All