2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वैभव सूर्यवंशी को तीखा ‘सेंड-ऑफ’ देने पर बुरे फंसे काइल जैमीसन, अब BCCI ने दी ये सजा

Kyle Jamieson punished for send off to Vaibhav Sooryavanshi: दिल्ली कैपिटल्स के पेसर काइल जैमीसन को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में वैभव सूर्यवंशी को तीखा सेंड ऑफ देने के लिए बीसीसीआई ने दंडित किया है। आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए उन्‍हें एक डिमेरिट ऑर और आधिकारिक चेतावनी दी गई है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

May 02, 2026

Kyle Jamieson punished for send off to Vaibhav Sooryavanshi

वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद तीखा सेंड ऑफ देते काइल जैमीसन। (फोटो सोर्स: वीडियो स्‍क्रीन शॉट)

जयपुर के सवाई मानसिंह स्‍टेडियम में शुक्रवार रात दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को 15 वर्षीय युवा बल्‍लेबाज वैभव सूर्यवंशी को तीखा सेंड ऑफ देना भारी पड़ गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्‍हें आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए एक डिमेरिट अंक के साथ एक आधिकारिक चेतावनी दी है। ज्ञात हो कि पहली गेंद पर चौका खाने और अगली गेंद पर वैभव को बोल्‍ड करते हुए काइल ने वैभव को काफी गुस्‍से में तालियां बजाते हुए सेंड ऑफ दिया था, जबकि सूर्यवंशी निराशा में शांति के साथ पवेलियन लौट रहे थे।

जैमीसन ने स्‍वीकारे आरोप

न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज को अनुच्छेद 2.5 के तहत लेवल 1 का अपराध करने का दोषी पाया गया, जो ऐसी भाषा, हरकतें या हाव-भाव इस्तेमाल करने से संबंधित है, जो किसी दूसरे खिलाड़ी का अपमान करते हों या उससे आक्रामक प्रतिक्रिया भड़का सकते हों। जैमीसन ने अपने ऊपर लगे आरोप को स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी राजीव सेठ की ओर से दी गई सजा को मान लिया।

जैमीसन ने आक्रामक अंदाज में मनाया जश्न

यह घटना राजस्थान रॉयल्‍स की पारी की शुरुआत में ही मैच के दूसरे ओवर में हुई। जैमीसन ने एक सटीक यॉर्कर डालकर 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को 4 रन पर आउट कर दिया। लेकिन, इसके बाद जो हुआ, उस पर सबका ध्यान गया। आउट करने के बाद जैमीसन ने आक्रामक अंदाज में तालियां बजाकर जश्न मनाया और बल्लेबाज के बिल्कुल करीब जाकर खड़े हो गए और गुस्‍से में आंखें मिलाईं। 15 साल के इस खिलाड़ी को इस तरह से विदा करना कुछ लोगों को हद से ज्‍यादा और भड़काने वाला लगा।

सोशल मीडिया पर गरमाया मुद्दा

सोशल मीडिया पर यह पल जल्द ही मैच की सबसे ज्‍यादा चर्चा में रहने वाली घटनाओं में से एक बन गया, जिससे फैंस और विशेषज्ञों के बीच बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने इसे प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की तीव्रता का हिस्सा माना, तो वहीं कुछ लोगों ने इस तरह की आक्रामकता की जरूरत पर सवाल उठाया, खासकर एक युवा खिलाड़ी के प्रति।

एक नजर मैच पर

मैच की बात करें तो राजस्‍थान रॉयल्‍स के कप्‍तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया। आरआर ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए रियान पराग की 90 और ध्रुव जुरेल की 42 रन की पारी के दम पर स्‍कोर बोर्ड पर 225 रन लगाए। दिल्ली कैपिटल्स ने 226 रनों का लक्ष्य पांच गेंदें शेष रहते तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। दिल्‍ली की जीत में केएल राहुल की 40 गेंदों पर 75 रन और पथुम निसांका की 33 गेंदों पर 62 रन की पारी अहम रहीं।