
Delhi T20 Team for SMAT 2026: शुक्रवार को दिल्ली ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। इस टीम में दिग्गज तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को जगह दी गई है, जबकि अनुभवी बाएं हाथ के बल्लेबाज नीतीश राणा को बाहर रखा गया है। चयनकर्ता के. भास्कर पिल्लई, मनु नायर और प्रवीण गुप्ता और मुख्य कोच विजय दहिया, के साथ क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) के अध्यक्ष सरनदीप सिंह और DDCA सचिव अशोक शर्मा की मौजूदगी में टीम का चयन हुआ। ईशांत का चयन इस बात का साफ संकेत है कि 100 से ज्यादा टेस्ट मैच खेल चुके यह अनुभवी तेज गेंदबाज दिल्ली के लिए घरेलू व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहते हैं। उनका अनुभव मयंक यादव, हर्षित राणा और सिमरजीत सिंह जैसे अन्य तेज गेंदबाजों के लिए भी काफी मददगार साबित हो सकता है।
नीतीश राणा बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में लंबे समय तक रिहैब से गुजरने के बाद वह पूरी तरह फिटनेश पर काम कर रहे हैं। हालांकि राणा को मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया-A टीम में शामिल किया गया है। यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर के दोहा में 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला जाएगा। यही वजह है कि दिल्ली की टी20 टीम में उन्हें जगह नहीं मिली। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में हैमस्ट्रिंग इंजरी के बाद से राणा ने हांगकांग सिक्सेस में 6 ओवर फॉर्मेट वाले क्रिकेट में खेलते नजर आए थे।
बैटिंग ऑलराउंडर आयुष बडोनी दिल्ली की कप्तानी करेंगे। टीम अपने एलीट ग्रुप-B अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को इंदौर में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ करेगी। इसके अलावा लेग स्पिनर सुयश शर्मा और मिस्ट्री स्पिनर दिग्वेश राठी को भी चुना गया है। बल्लेबाजी विभाग में बदोनी के साथ प्रियांश आर्य, यश धुल, हिम्मत सिंह, सार्थक रंजन और आयुष डोसेजा होंगे। अनुज रावत और तेजस्वी टीम के दो विकेटकीपर हैं।
आयुष बदोनी (कप्तान), प्रियांश आर्य, सार्थक रंजन, यश धुल, आयुष डोसेजा, तेजस्वी (विकेटकीपर), अनुज रावत (विकेटकीपर), हिम्मत सिंह, मयंक रावत, केशव डबास, सुयश शर्मा, दिगवेश, इशांत शर्मा, हर्षित राणा, मयंक यादव और सिमरजीत सिंह।