
Nick Kelly replace Devon Conway: भारत के खिलाफ पांच वनडे इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में 1-0 से पिछड़ चुकी न्यूजीलैंड टीम की परेशानियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेवोन कॉनवे कनकशन की वजह भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। कॉनवे और तेज गेंदबाज मैट हेनरी मैच से एक दिन पहले फील्डिंग प्रैक्टिस के दौरान एक-दूसरे से टकरा गए थे और बुधवार को ऑकलैंड में सीरीज का पहला मैच भी नहीं खेल पाए थे। वह अब सीरीज के बाकी मैचों में भी नहीं खेल पाएंगे। हालांकि, हेनरी को कनकशन से छुटकारा मिल गया है और वे शनिवार को वेलिंगटन में खेले जाने वाले दूसरे वनडे में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। कॉनवे की जगह निक केली को बाकी बचे सभी मैचों के लिए टीम में शामिल कर लिया गया है, जिनके नाम घरेलू क्रिकेट में 10 हजार से ज्यादा रन हैं। हालांकि वह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में कुछ खास नहीं कर पाए हैं।
बता दें कि निक केली को पहले सिर्फ चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुना गया था। अब वह वेलिंगटन में न्यूजीलैंड टीम से जुड़ गए हैं। केली को न्यूजीलैंड ए टीम से हटा दिया गया है, जो शनिवार को लिंकन में इंडिया ए के खिलाफ अपनी अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच शुरू करने वाली है, उनकी जगह ऑकलैंड के बैटर डेल फिलिप्स को शामिल किया गया है।
बता दें कि निक केली ने पिछले साल ही नैपियर में न्यूजीलैंड के लिए वनडे इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वह अब तक 8 वनडे मैचों में सिर्फ 265 रन ही बना सके हैं। वहीं, उनका घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन शानदार रहा है। जहां उन्होंने 77 फर्स्ट क्लास मैचों की 138 पारियों में 5051 रन, 120 लिस्ट ए मैचों की 115 पारियों में 3538 रन और 109 टी20 की 99 पारियों में 2167 रन बनाए हैं। इस तरह वह घरेलू क्रिकेट में 10 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं।
न्यूजीलैंड ए टीम में दो और बदलाव हुए हैं, जिसमें तेज गेंदबाज साइमन कीन (हैमस्ट्रिंग), बेन लिस्टर (साइड) और फ्रेजर शेट (साइड) चोट के कारण बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बयान जारी करते हुए बताया कि कीन और शिएट को सीरीज के दौरान पहले ही चोटें लग गई थीं और दोनों अगले तीन से चार हफ्ते में अपनी घरेलू टीमों के लिए खेलने के लिए वापस आएंगे।
लिस्टर ऑकलैंड के साथ ट्रेनिंग के दौरान दाहिने साइड में खिंचाव के लिए खेलने के लिए वापसी प्रोग्राम पर काम कर रहे हैं। कीन और शिएट (दोनों ने छह विकेट लिए) जैक गिब्सन और इंडिया ए के आकिब नबी के साथ अब तक सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। गिब्सन और ब्रेट रैंडेल अब तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट के लिए न्यूज़ीलैंड ए टीम के साथ रहेंगे और डैनरू फर्न्स उनके साथ टीम में शामिल होंगे।