
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी क्रिकेटिंग स्किल और दमदार समझबूझ से वर्ल्ड क्रिकेट में अपना अलग स्थान बनाया है। आम आदमी से लेकर क्रिकेट की समझ रखने वाले और क्रिकेट से जुड़े रहे लोग भी धोनी को खास मानते हैं। पूर्व इंग्लिश कप्तान माइकल वॉन ने धोनी की जमकर तारीफ की है।
माइकल वॉन ने कहा है कि उन्होंने अपनी दौर में जिन खिलाड़ियों को कप्तानी करते हुए देखा है उनमें महेंद्र सिंह धोनी सबसे ऊपर हैं। एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत करते हुए वॉन ने कहा कि निश्चित तौर पर धोनी सीमित ओवर क्रिकेट में बेस्ट कप्तान रहे हैं।
वॉन ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि विकेटों की पीछे खड़े होकर धोनी जिस तरीके से परिस्थितियों को आंकते थे और रणनीति बनाते थे वह अद्भुत बात थी। धोनी खेल को बहुत पढ़ लेते थे और आउट ऑफ द बॉक्स जाकर सोचते थे।
वॉन ने कहा धोनी मैच के दौरान हर तरीके से टीम के लिए समर्पित रहते थे। उन्हें पता होता था कि कब क्या करना है। वह दबाव के माहौल में भी संयम बरकरार रखते हुए टीम का नेतृत्व करते उसके बाद बल्ले से भी कमाल का प्रदर्शन कर टीम को मजबूती देते।
माइकल वॉन ने धोनी के अलावा न्यूजीलैंड के केन विलियमसन और इंग्लैंड के इयोन मोर्गन की भी तारीफ की। इन दोनों के बारे में उन्होंने कहा कि इन दोनों ने भी मुझे अपनी कप्तानी से प्रभावित किया है।