
Gautam Gambhir in conflict with Ajit Agarkar: पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया कि जब खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में टीम चयन की बात आती है, तो हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के बीच अनबन नजर आती है। यह विवाद तब सामने आया, जब भारत को पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में इंग्लैंड के हाथों 0-4 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा। इससे पहले आयरलैंड से ऐतिहासिक सीरीज हार मिली थी। कार्तिक ने कहा कि हेड कोच और मुख्य चयनकर्ता के बीच इस तरह की अनबन खिलाड़ियों के लिए अच्छी नहीं है। इसे जल्द ही ठीक नहीं किया गया तो आगे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
दिनेश कार्तिक ने स्काई स्पोर्ट्स पर बातचीत में दावा किया कि टीम इंडिया मैनेजमेंट का नजरिया बहुत छोटी सोच वाला रहा है और इस समस्या को जल्द ही ठीक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की एक नजर भविष्य पर है और वह शायद खिलाड़ियों के अच्छे ग्रुप को देखना चाहते हैं। जबकि, गौतम गंभीर हॉट सीट पर शायद सोच रहे होंगे कि वह हर बाइलेटरल सीरीज जीतें। इसलिए मुझे लगता है कि चीफ सेलेक्टर के पास लंबे समय के प्लान हैं और उनकी मौजूदा कोच से थोड़ी अनबन है, जो कह रहे हैं कि मैं हर मैच जीतना चाहता हूं, जो मैं खेलता हूं।
उन्होंने कहा कि इसलिए हमारे सामने एक कन्फ्यूजन पैदा होता दिख रहा है। क्या यह खिलाड़ियों के लिए सही है? बिल्कुल नहीं। यह निश्चित रूप से ऐसी स्थिति है, जिसके बारे में भारत को पता होना चाहिए और इसे जल्द से जल्द ठीक किया जाना चाहिए।
बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप में 321 रन और आईपीएल 2026 में 477 रन बनाने के बाद संजू सैमसन को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में क्रमशः 5, 0 और 1 रन बनाने के बाद टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को लगातार तीन मौके दिए गए, जिन्होंने डेब्यू करते हुए तीन मैचों में 14, 13 और 15 रन की पारियां खेलीं। लेकिन, आखिरी टी20 में उन्हें बाहर कर फिर से संजू को लाना समझ से परे था। इसे पीछे की वजह कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉप ऑर्डर में लेफ्ट-राइट बैलेंस बनाए रखने की जरूरत बताया।
सबसे बड़ा सवाल है, जब संजू सैमसन को बाहर किया गया, तो तब यह लेफ्ट राइट कॉम्बिनेशन का फंडा कहां चला गया था। जबकि शुरुआत से ही टीम मैनेजमेंट टी20 वर्ल्ड कप के हीरो संजू के सपोर्ट की बात कह रहा था।