Ellyse Perry Record: भारत के खिलाफ एडिलेड टी20 में एलिस पेरी ने इतिहास रच दिया है। 350 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
Ellyse Perry Record: ऑलराउंडर एलिस पेरी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। वह 350 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली पहली महिला ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर बन गई हैं। आज जब वह शनिवार को एडिलेड ओवल में भारत के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के आखिरी और निर्णायक टी20 इंटरनेशनल मैच में मैदान पर उतरीं तो सभी उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। सिर्फ दो महिला क्रिकेटरों ने ही उनसे ज़्यादा इंटरनेशनल मैच खेले हैं। पहले नंबर पर भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जो अपना 357वां मुकाबला खेल रही हैं। जबकि तीसरे नंबर पर 355 मैच खेलने वाली न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स हैं।
पेरी के बाद ऑस्ट्रेलिया की सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी मौजूदा ODI और टेस्ट कप्तान एलिसा हीली हैं, जिन्होंने 295 मैच खेले हैं और पूर्व उप-कप्तान एलेक्स ब्लैकवेल हैं, जिन्होंने 252 मैच खेले हैं। हालांकि, हीली ने घोषणा की है कि वह अगले महीने भारत के खिलाफ होने वाले डे-नाइट टेस्ट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेंगी, जो 6 मार्च से शुरू होगा।
वहीं, मेगन शुट्ट ने अभी तक कोई लॉन्ग-टर्म कमिटमेंट नहीं किया है, वह सिर्फ आने वाले T20 वर्ल्ड कप पर फोकस कर रही हैं। इसके उलट पेरी ने एडिलेड टी20I से पहले रिपोर्टर्स से बात करते हुए कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके भविष्य के लिए कोई तय टाइमलाइन नहीं है।
पेरी ने कहा कि मेरे रडार पर कोई खास लैंडमार्क नहीं हैं। मैं बस यह अनुभव करना चाहती हूं कि यह टीम क्या कर रही है? जब तक मैं इसमें योगदान दे रही हूं और इसमें संतुष्टि पाती हूं, तब तक मैं यहां रहना पसंद करूंगी, लेकिन मेरा कोई एंड पॉइंट नहीं है। हमेशा आगे रोमांचक चीजें होती हैं, लेकिन हम देखेंगे कि यह कहां तक जाती है।
मौजूदा सीरीज की बात करें तो मेहमान टीम ने पहले मैच में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलियाई टीम को 133 रन पर आउट कर दिया और फिर बारिश आने से पहले 5.1 ओवर में तेजी से 50/1 पर पहुंच गई। डीएलएस के हिसाब से कंगारू टीम काफी पीछे थी। इस तरह भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
ऑस्ट्रेलिया ने कैनबरा के मनुका ओवल में खेले गए दूसरे टी20 में शानदार वापसी की। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 163 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय महिला टीम 9 विकेट खोकर 144 रन ही बना सकी और 19 रनों से हार गई। इस तरह मेजबान टीम ने सीरीज में 1-1 से बराबर की।