
क्रिकेटर अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल (Photo - @instagram)
Abhishek Sharma and Axar Patel NADA Testing: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे अभिषेक शर्मा और स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल के लिए एक जरूरी अपडेट है। इन दोनों खिलाड़ियों को नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी यानी NADA ने अपने 'रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल' (RTP) में शामिल कर लिया है। इसका मतलब यह है कि अब इन खिलाड़ियों को न केवल अपनी परफॉर्मेंस पर ध्यान देना होगा, बल्कि अपनी पल-पल की लोकेशन की जानकारी भी एजेंसी को देनी होगी।
NADA की इस लिस्ट में शामिल होने का मतलब है कि खिलाड़ियों को अपने 'वेयरअबाउट्स' (Whereabouts) यानी वे कहां हैं, इसकी जानकारी पहले से देनी होगी। उन्हें हर दिन एक तय समय बताना होगा जब एजेंसी उनका डोप टेस्ट कर सके। आपको बता दें कि अगर कोई खिलाड़ी 12 महीनों के अंदर तीन बार अपनी लोकेशन बताने में फेल होता है या टेस्ट के लिए मौजूद नहीं रहता, तो इसे डोपिंग नियमों का उल्लंघन माना जाता है और उन पर बैन भी लग सकता है।
इस नई लिस्ट में अभिषेक और अक्षर ने स्मृति मंधाना और श्रेयस अय्यर की जगह ली है। वहीं, शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े नाम पहले से ही इस लिस्ट का हिस्सा हैं और आगे भी बने रहेंगे। क्रिकेट के अलावा इस बार एथलेटिक्स, हॉकी और कुश्ती के खिलाड़ियों पर भी नाडा की सख्त नजर है।
सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, हॉकी से कप्तान हरमनप्रीत सिंह और सलीमा टेटे, बैडमिंटन से पीवी सिंधु और कुश्ती से ओलंपिक पदक विजेता अमन सहरावत भी इस लिस्ट में शामिल हैं। कुल मिलाकर नाडा ने 348 खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार की है ताकि भारतीय खेल पूरी तरह से 'क्लीन' रहें।
Updated on:
15 Apr 2026 05:51 pm
Published on:
15 Apr 2026 05:44 pm
