क्रिकेट

Eng vs Ind 3rd ODI: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, केएल राहुल की वापसी, बुमराह हुए बाहर

Eng vs Ind 3rd ODI: भारत बनाम इंग्‍लैंड सीरीज का निर्णायक मुकाबला आज रविवार को लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंग्‍लैंड के कप्‍तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया है।
2 min read
Jul 19, 2026
England vs India 3rd ODI Toss
भारत बनाम इंग्‍लैंड मैच से पहले टॉस का नजारा। (फोटो सोर्स: वीडियो स्‍क्रीनशॉट)

England vs India 3rd ODI Toss: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार को लंदन स्थित लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भी इंग्‍लैंड के कप्‍तान हैरी ब्रूक ने ही टॉस जीता है और पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया है। उन्‍होंने कहा कि पिच अच्छी लग रही है। हमारी प्‍लेइंग इलेवन में साकिब महमूद की जगह जोश टंग वापस आए हैं। रूट ने पिछले मैचों में जिस तरह से बैटिंग की, वह एक बढ़िया टेम्पलेट सेट करता है। उम्मीद है कि हम जल्दी से कंडीशन को समझ लेंगे। वहीं, उन्‍होंने सीरीज को लेकर कहा कि उम्मीद है कि हम दिन के आखिर में ट्रॉफी उठाएंगे।

हम भी पहले बॉलिंग करना चाहते थे- शुभमन गिल

शुभमन गिल ने कहा कि हम भी पहले बॉलिंग करना चाहते थे। हमने प्‍लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। केएल राहुल, प्रिंस यादव और अर्शदीप टीम में वापस आ गए हैं। अर्शदीप सिंह एक बेहतरीन बॉलर है और हम इस ग्राउंड पर चार सीमर के साथ उतर रहे हैं। हमने बीच के ओवरों में देखा है कि स्पिनर पेसर्स की तुलना में ज्‍यादा कुछ नहीं कर पाते।

दूसरे वनडे से भारत को क्या सुधार करने की जरूरत है? इस पर उन्‍होंने कहा कि हम मैच के 25 ओवर तक अच्छी स्थिति में थे और फिर हमने बीच के ओवरों में बहुत सारे विकेट खो दिए। उम्मीद है, अगर आप उस तरह की स्थिति में हैं, तो हम 280-300 के करीब एक अच्छा टोटल करेंगे। हमने देखा है कि पिछले कुछ मैचों में आसानी से रन नहीं आए हैं। इस तरह भारतीय टीम तीन बदलाव तो इंग्‍लैंड एक बदलाव के साथ उतरी है।

भारत की प्‍लेइंग XI

रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेट कीपर), अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।

इंग्‍लैंड की प्‍लेइंग XI

बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेट कीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग।