क्रिकेट

Eng vs Ind 3rd ODI: बेन डकेट ने खेली ऐतिहासिक शतकीय पारी, लॉर्ड्स में भारत के सामने रखा 388 रन का सबसे बड़ा लक्ष्य

Eng vs Ind 3rd ODI Match Highlights: इंग्‍लैंड ने वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे में भारत के सामने 388 रन का लॉर्ड्स में सबसे बड़ा लक्ष्‍य रखा है। मेजबान टीम को यहां तक पहुंचाने में बेन डकेट की भूमिका अहम रही, जिन्‍होंने लॉर्ड्स में 135 गेंदों 141 रन की ऐतिहासिक शतकीय पारी खेली।
2 min read
Jul 19, 2026
Eng vs Ind 3rd ODI Match Highlights
भारत के खिलाफ शतक लगाने के बाद बल्‍ला उठाते बेन डकेट। (फोटो सोर्स: IANS)

England vs India 3rd ODI Match Highlights: भारत और इंग्लैंड के बीच लंदन स्थित लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित मैदान पर खेले जा रहे निर्णायक वनडे में मेजबान टीम ने टीम इंडिया के सामने 388 रन का विशाल लक्ष्‍य रखा है। इंग्लिश टीम को इस विशाल टोटल तक पहुंचाने में बेन डकेट और जैकब बेथेल की भूमिका अहम रही। डकेट ने जहां 135 गेंदों पर 18 चौकों और एक छक्‍के की मदद से 141 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, वहीं बेथेल ने 93 गेंदों पर 11 चौके और 2 छक्‍कों की सहायता से 91 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। जबकि भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्‍णा ने सबसे ज्‍यादा दो विकेट लिए।

लॉर्ड्स में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी

इंग्‍लैंड के कप्‍तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया, जिसे इंग्लिश ओपनर बेन डकेट और जैकब बेथेल ने सही साबित किया। इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 192 रनों की साझेदारी हुई। यह लॉर्ड्स में पहले विकेट के लिए वनडे में सबसे बड़ी साझेदारी है। इसके साथ ही भारत-इंग्लैंड वनडे में सबसे बड़ी पहले विकेट की साझेदारी है। जबकि लॉर्ड्स में वनडे क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी चौथी साझेदारी है।

भारत-इंग्लैंड वनडे में सबसे बड़ी पहले विकेट की साझेदारियां

साझेदारीबल्लेबाजस्थानसाल
192बेन डकेट – जैकब बेथेल (इंग्लैंड)लॉर्ड्स2026
160जेसन रॉय – जॉनी बेयरस्टो (इंग्लैंड)एजबेस्टन2019
158एलिस्टर कुक – इयान बेल (इंग्लैंड)राजकोट2013
135जेसन रॉय – जॉनी बेयरस्टो (इंग्लैंड)पुणे2021

लॉर्ड्स में वनडे क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारियां

साझेदारीविकेटबल्लेबाजविरोधीसाल
226चौथाएंड्रयू स्ट्रॉस – एंड्रयू फ्लिंटॉफ (इंग्लैंड)वेस्टइंडीज2004
213तीसराग्राहम हिक – नील फेयरब्रदर (इंग्लैंड)वेस्टइंडीज1991
202दूसराग्राहम गूच – डेविड गावर (इंग्लैंड)ऑस्ट्रेलिया1985
192पहलाबेन डकेट – जैकब बेथेल (इंग्लैंड)भारत2026*

बेन डकेट ने खेली 141 रन की ऐतिहासिक पारी

इंग्‍लैंड को पहला झटका 192 के स्‍कोर पर जैकब बेथेल के रूप में लगा, जिन्‍होंने 93 गेंदों पर 91 रन बनाए और प्रसिद्ध कृष्‍णा का शिकार बने। इसके बाद इंग्लिश टीम का दूसरा सबसे बड़ा विकेट 293 के स्‍कोर पर बेन डकेट के रूप में गिरा। वह 135 गेंदों पर 18 चौकों और एक छक्‍के की मदद से 141 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर प्रिंस यादव का शिकार हुए। डकेट इस शतक के साथ लॉर्ड्स में वनडे और टेस्‍ट में शतक लगाने वाले डेनिस एमिस और ग्राहम गूच जैसे महान प्‍लेयर्स की लिस्‍ट में शामिल हो गए।

लॉर्ड्स में टेस्ट और वनडे, दोनों में शतक लगाने वाले ओपनर

रैंकखिलाड़ीदेश
1डेनिस एमिसइंग्लैंड
2ग्राहम गूचइंग्लैंड
3ग्राहम वुडऑस्ट्रेलिया
4मार्कस ट्रेस्कोथिकइंग्लैंड
5एलिस्टेयर कुकइंग्लैंड
6बेन डकेटइंग्लैंड

इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में भारत के सामने रखा सबसे बड़ा लक्ष्य

इंग्‍लैंड को तीसरा झटका 324 के स्‍कोर पर कप्‍तान हैरी ब्रूक के रूप में लगा, जो 12 गेंदों पर 14 रन बनाकर कृष्‍णा का दूसरा शिकार बने। इसके बाद जो रूट ने जोस बटलर के साथ चौथे विकेट के लिए 19 गेंदों पर 63 रनों की विस्‍फोटक साझेदारी के साथ इंग्‍लैंड के स्‍कोर को निर्धारित 50 ओवर में 387 रन तक पहुंचाया। लॉर्ड्स में ये वनडे इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है। जो रूट ने 48 गेंदों पर नाबाद 74 रन तो बटलर ने महज 13 गेंदों पर 41 रन की तूफानी पारी खेली।

लॉर्ड्स में वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े स्कोर

टीमस्कोरविरोधीसाल
इंग्लैंड387/3भारत2026
इंग्लैंड334/4भारत1975
दक्षिण अफ्रीका330/8इंग्लैंड2025
इंग्लैंड328/6आयरलैंड2017
भारत326/8इंग्लैंड2002
Updated on:
19 Jul 2026 07:42 pm
Published on:
19 Jul 2026 07:30 pm