
भारत (India) और इंग्लैंड (England) के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज़ के पांचवें मैच में भी इंग्लैंड ने जीत दर्ज की। भारत को इस मैच में 56 रन से हार झेलनी पड़ी। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने यह सीरीज़ 4-0 से अपने नाम कर ली है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सीरीज़ का पहला मैच बारिश की वजह से धुल गया था। इंग्लैंड के साउथैम्प्टन के वेस्ट एंड में स्थित एजेस बाउल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सिर्फ 3 विकेट गंवाते हुए 257 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी।
इंग्लैंड को 8 रन के स्कोर पर ही फिल साल्ट (Phil Salt) के रूप में पहला झटका लग गया, लेकिन इसके बाद जोस बटलर (Jos Buttler) ने पारी को संभाला। अब तक इस सीरीज़ में उनका बल्ला शांत था, लेकिन आज उन्होंने तूफानी पारी खेली। 64 गेंदों पर 12 चौकों और 8 छक्कों की मदद से बटलर ने 131 रन की शानदार पारी खेली। हैरी ब्रूक (Harry Brook) अपने शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने भी बेहतरीन पारी खेली। 45 गेंदों पर 4 चौकों और 8 छक्कों की मदद से ब्रूक ने नाबाद 95 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में जमकर रन लुटाए। अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) ने 4 ओवर में 33 रन दिए। प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna) ने 4 ओवर में 38 रन दिए और 1 विकेट लिया। प्रिंस यादव (Prince Yadav) ने 4 ओवर में 60 रन दिए। अक्षर पटेल (Axar Patel) ने 4 ओवर में 63 रन दिए। सूर्यांश शेडगे (Suryansh Shedge) ने 3 ओवर में 39 रन दिए। वहीँ शिवम दुबे (Shivam Dube) ने 1 ओवर में ही 22 रन लुटा दिए। दुबे ने इस दौरान 1 विकेट झटका। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी की जगह एक बार फिर संजू सैमसन को मौका मिला, लेकिन वह सिर्फ 27 रन ही बना सके। ईशान किशन (Ishan Kishan) ने सबसे ज़्यादा 56 रन की पारी खेली और उनके अलावा तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने भी 53 रन बनाए। श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) सिर्फ 28 रन ही बना सके। अन्य सभी बल्लेबाजों ने खराब बल्लेबाजी की।