14 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

IND vs WI 4th T20: वेस्टइंडीज ने पहले 6 ओवर में ही तोड़ दिया 10 साल पुराना रिकॉर्ड, हैदराबाद में भी बल्लेबाजों ने मचाया गदर

Highest powerplay scores for WI vs IND in T20I: हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने शुरुआती 6 ओवर में 5 छक्के जड़ पावरप्ले का नया रिकॉर्ड बना डाला।
2 min read
Google source verification
Simron Hetmyer

हेटमायर शॉट खेलते हुए (फोटो- IANS)

West Indies Breaks 10 Year Old Record: वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने हैदराबाद में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 10 साल पुराना पावरप्ले का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कैरेबियन बल्लेबाजों ने पहले 6 ओवर में 79 रन बना दिए और इस तरह उसने अपने ही 10 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर डाला। इससे पहले भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर 78 रन था, जो कैरेबियन बल्लेबाजों ने साल 2016 में लॉडरहील में बनाया था। इस सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले 6 ओवर में 72 रन बनाए थे। वो स्कोर इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर है।

शाई होप ने फिर ठोका शतक

हैदराबाद में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम को कप्तान शाई होप और जेवेल एंड्रयू ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 4.2 ओवरों में 52 रन की साझेदारी की। एंड्रयू 16 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद होप ने शिमरोन हेटमायर के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 58 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। हेटमायर ने 12 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 33 रन बनाए।

शाई होप ने कप्तानी पारी जारी रखी। उन्होंने रोवमैन पॉवेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 46 रन जुटाए। पॉवेल 17 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 24 रन का योगदान टीम के खाते में देकर पवेलियन लौटे। इसके बाद शाई होप ने शेरफन रदरफोर्ड के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 91 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 247/3 के स्कोर तक पहुंचाया। शाई होप ने 50 गेंदों में 102 रन की नाबाद पारी खेली। इसमें 9 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। वहीं, शेरफन रदरफोर्ड ने 26 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 49 नाबाद रन बनाए।

फिर पिटे भारतीय गेंदबाज

टीम इंडिया के लिए मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने मिलकर 104 रन लुटा दिए। दोनों ने 4-4 ओवर की गेंदबाजी की और 52-52 रन दिए। इसके अलावा अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 45 और नितीश कुमार रेड्डी ने 3 ओवर में 39 रन खर्च किए।