
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड (England) ने साउथ अफ्रीका (South Africa) को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इंग्लैंड ने यह मैच 40 रन से जीता। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 169 रन बनाए। 170 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर सिर्फ 129 रन ही बना पाई।
इंग्लैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने 3.2 ओवर में ही 23 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। हालांकि इसके बाद कप्तान नैट साइवर-ब्रंट (Nat Sciver-Brunt) और हैदर नाइट (Heather Knight) ने टीम की लड़खड़ाती पारी को संभाला। नैट ने 47 गेंदों पर 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से 75 रन की पारी खेली। वहीं हैदर ने 47 गेंदों पर 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 58 रन की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका के लिए ताज़मिन ब्रिट्स (Tazmin Brits) ने ओपनिंग करते हुए 45 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली। हालांकि ताज़मिन को टीम का साथ नहीं मिला और बाकी अन्य खिलाड़ी सस्ते में पैवेलियन लौट गए, जिसकी वजह से साउथ अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा।
फाइनल में इंग्लैंड का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया (Australia) से होगा। यह मैच रविवार, 5 जुलाई को लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया का यह 8वां फाइनल होगा, जबकि इंग्लैंड 5वीं बार फाइनल में पहुंची है। ऑस्ट्रेलिया की टीम 6 बार ख़िताब अपने नाम कर चुकी है, जो महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज़्यादा है। ऑस्ट्रेलिया ने 2010, 2012, 2014, 2018, 2020 और 2023 में यह टूर्नामेंट जीता है। वहीँ इंग्लैंड की टीम ने सिर्फ एक बार ही ख़िताब अपने नाम किया है। 2009 में पहले महिला टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने ट्रॉफी उठाई थी। ऐसे में जहाँ ऑस्ट्रेलिया रिकॉर्ड 7वीं बार यह खिताब अपने नाम करना चाहेगी, तो वहीँ इंग्लैंड अपने 17 साल के ख़िताबी सूखे को खत्म करना चाहेगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बता दें कि 2012, 2014 और 2018 के वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को ही हराकर खिताब अपने नाम किए थे। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया इतिहास को दोहराने की कोशिश करेगी, तो वहीँ इंग्लैंड पुरानी हार के सिलसिले को तोड़ते हुए नया इतिहास रचने की कोशिश करेगी।