टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने दोनों देशों को टेस्ट सीरीज खेलने के लिए न्यूट्रल वेन्यू देने की बात कही है। इंग्लैंड में भारत बनाम पाकिस्तान टेस्ट सीरीज की मेजबानी करने की पेशकश की है।
India vs Pakistan Test Series: फैंस भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर हमेशा उत्साहित रहते हैं। फिर चाहे एशिया कप हो, या चॅम्पियन्स ट्राफी या वर्ल्ड कप दोनों देशों के बीच हमेशा हाईवोल्टेज मैच देखने को मिलता है। राजनीतिक संबंधों और तनाव के चलते दोनों देशों के बीच कई सालों से बाइलेटरल सीरीज नहीं हुई है। ऐसे में एक बार फिर दोनों देशों के बीच सीरीज की एक उम्मीद जागी है। यह उम्मीद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने जगाई है।
टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने दोनों देशों को टेस्ट सीरीज खेलने के लिए न्यूट्रल वेन्यू देने की बात कही है। इंग्लैंड में भारत बनाम पाकिस्तान टेस्ट सीरीज की मेजबानी करने की पेशकश की है। ईसीबी के डिप्टी चेयरमैन मार्टिन डार्लो ने इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच चल रही अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज के दौरान पीसीबी के साथ इस बारे में बातचीत की है। इंग्लैंड ने 17 साल के बाद पहली बार पाकिस्तान का दौरा किया है। टी20 वर्ल्ड कप के बाद इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलेगी।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बीसीसीआई और पीसीबी के एक-दूसरे के साथ अच्छे संबंध हैं, लेकिन इसके लिए दोनों देशों की सरकारों के बीच राजनीतिक मिजाज में बड़े बदलाव की जरूरत होगी। भारत और पाकिस्तान ने आखिरी बार बाइलेटरल सीरीज साल 2012 में भारत में खेली थी। यह सीमित ओवरों की सीरीज थी जबकि दोनों देशों के बीच आखिरी टेस्ट सीरीज लगभग 15 साल पहले 2007 में खेली गई थी। जब पाकिस्तान ने भारत का दौरा किया था।
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले 10 साल से सिर्फ एशिया कप और आईसीसी टूर्नामेंट में ही मैच होते हैं। हाल ही में एशिया कप 2022 में दो बार भारत और पाकिस्तान का आमना सामना हुआ था। इसमें एक मैच भारत ने जीता था तो एक मैच में पाकिस्तान ने बाज़ी मारी थी। इसके अलावा दोनों देश 23 अक्टूबर को टी20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर आमने सामने होंगे। पाकिस्तान ने मात्र एक बार भारत को वर्ल्ड कप में हराया है। पिछली बार 2021 टी20 विश्व कप में जब दोनों टीमें भिड़ी थी तो पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से शिकस्त दी थी।