क्रिकेट

Mark Wood Retirement: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

England Fast Bowler Mark Wood Retires: मार्क वुड ने 36 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। जानिए उनके करियर, दो विश्व कप खिताब और 38 टेस्ट में 119 विकेट के सफर के बारे में।
2 min read
Sep 22, 2026
England pacer Mark Wood announced his retirement.
मार्क वुड (IANS)

Mark Wood: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 36 वर्षीय तेज गेंदबाज अपने करियर के दौरान चोट से जूझते रहे हैं। मार्क वुड ने कोहनी और घुटने की सर्जरी से उबरने के बाद पिछले साल नवंबर में एशेज सीरीज के पहले मैच से मैदान पर वापसी की थी। लेकिन घुटने में सूजन की वजह से वह केवल 11 ओवर ही फेंक सके। इसके बाद वह मैदान पर नहीं लौटे। तब से अब तक उन्होंने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला।

मार्क वुड ने क्या कहा?

मार्क वुड ने अपने बयान में कहा, 'मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। पिछले एक साल को देखते हुए यह शायद किसी के लिए हैरानी की बात नहीं है, लेकिन मेरे अनुबंध के अंत में यह सही और स्वाभाविक समय महसूस हो रहा है।'

उन्होंने आगे कहा, 'मैंने हमेशा लचीला बने रहने की कोशिश की और चोट से वापसी करके लोगों को गलत साबित करना। सबको यह दिखाना चाहा कि मैं क्या कर सकता हूं। दुर्भाग्य से, इस बार मैं यह जंग हार गया। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टेस्ट क्रिकेट और 50 ओवर का क्रिकेट मेरे लिए संभव नहीं है। पिछले एक साल में इंग्लैंड के लिए खेलने का सपना धीरे-धीरे मुझसे दूर होता चला गया।'

उन्होंने कहा, 'मेरे अंदर का वह छोटा बच्चा इस बात से बेहद खुश होगा कि उसने इंग्लैंड के लिए इतना क्रिकेट खेला। दुनिया भर की यात्रा करना, शानदार लोगों से मिलना और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ तथा उनके खिलाफ खेलना ऐसी चीज है जिसके लिए मैं खुद को बेहद भाग्यशाली मानता हूं। मैंने वह किया जिसे मैं बेहद प्यार करता था।'

प्रशंसकों को दिया धन्यवाद

मार्क वुड ने प्रशंसकों को भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, 'प्रशंसकों, आपके समर्थन और घर-विदेश में मेरे लिए चीयर करने के लिए धन्यवाद। बर्मी आर्मी दुनिया के सबसे अच्छे प्रशंसक हैं। ‘ट्विस्ट एंड शाउट’ का मेरे लिए अब हमेशा एक अलग ही एहसास रहेगा और पर्थ में मेरे लिए लगाया गया आखिरी नारा हमेशा मेरे साथ रहेगा।'

मार्क वुड का अंतरराष्ट्रीय करियर

वनडे वर्ल्ड कप 2019 और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के विजेता मार्क वुड ने इंग्लैंड के लिए 38 टेस्ट मैचों में 119 विकेट लिए। उनका गेंदबाजी औसत 30.79 रहा और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 37 रन पर 6 विकेट रहा। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 5 बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया। वनडे क्रिकेट में मार्क वुड ने 70 मैचों में 80 विकेट लिए, उनका औसत 40.82 रहा और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 33 रन पर 4 विकेट रहा। उन्होंने दो बार एक पारी में चार विकेट लिए।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 38 मैचों में 54 विकेट हासिल किए। उनका गेंदबाजी औसत 20.24 रहा और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 9 रन पर 3 विकेट रहा। कुल मिलाकर, मार्क वुड ने 146 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 217 विकेट लिए। उनका गेंदबाजी औसत 31.71 रहा, उन्होंने पांच बार पांच विकेट लिए और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 37 रन पर 6 विकेट रहा।

Updated on:
22 Sept 2026 02:51 pm
Published on:
22 Sept 2026 02:24 pm