क्रिकेट

Eng vs Ind 2nd ODI: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले भारत को बल्लेबाजी का न्‍योता दिया, ईशान किशन की वापसी

Eng vs Ind 2nd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच आज गुरुवार को कार्डिफ में खेला जा रहा है, जिसमें इंग्‍लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
2 min read
Jul 16, 2026
Eng vs Ind 2nd ODI
भारत बनाम इंग्‍लैंड पहले वनडे में टॉस का नजारा। (फोटो सोर्स: वीडियो स्‍क्रीनशॉट)

England vs India 2nd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मैच गुरुवार को कार्डिफ के सोफिया गार्डंस स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्‍लेबाजी का न्‍योता दिया है। उन्‍होंने सोफिया गार्डंस की पिच को लेकर कहा कि घास अच्छी और बराबर फैली हुई है। उम्मीद है कि हमें थोड़ा सीम मूवमेंट और स्विंग मिल जाएगा।

क्या आप यहां कुछ अलग करना चाहते हैं? इस पर उन्‍होंने कहा कि मुझे लगता है कि बस थोड़ा बेहतर एग्जीक्यूट करें। मैंने हमेशा कहा है कि हम कभी गेम से बाहर नहीं होते और हमने पिछले गेम में बहुत अच्छी फाइट की। इसे इतना गहरा ले जाना लड़कों की तरफ से एक जबरदस्त कोशिश थी। उन्‍होंने बताया कि प्‍लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। जोश टंग और लियाम डॉसन की जगह साकिब महमूद और गस एटकिंसन की वापसी हुई है।

ईशान किशन की वापसी

वहीं, भारतीय कप्‍तान शुभमन गिल ने कहा कि हम भी पहले बॉलिंग करते। मैं बहुत खुश हूं, क्‍योंकि पिछला गेम लगभग परफेक्ट था। उम्मीद है कि हमारा एक और अच्छा गेम होगा। उन्‍होंने कहा कि पिछले मैच में पावरप्ले में हमारे 6-7 ओवर अच्छे थे और फिर पावरप्ले के आखिर में हम पर प्रेशर आ गया। लेकिन, बीच के ओवरों में हमने वापसी की। फास्ट बॉलर्स ने विकेट लिए और यह देखना बहुत अच्‍छा था।

आपके लिए यह घर वापसी जैसा है। आपने यहां एक सीजन खेला है। इस पर उन्‍होंने कहा कि मैंने यहां ग्लैमरगन के साथ एक सीजन खेला और बहुत अच्छी यादें हैं। उम्मीद है कि उन यादों में एक और जुड़ जाएगी। इस मैच की प्‍लेइंग इलेवन में हमने एक बदलाव किया है। केएल बीमार हैं, इसलिए उनकी जगह ईशान किशन वापस आए हैं।

भारत की प्लेइंग XI

रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा।

इंग्लैंड की प्लेइंग XI

बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेट कीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद और साकिब महमूद।